रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 19 फरवरी को थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा बैटरी चोरी के प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की बैटरियां बरामद की गई हैं।
प्रकरण में प्रार्थी मुकेश कुमार झा ने 17 फरवरी को थाना घरघोड़ा में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि 2 नवंबर 2025 की रात करीब 11 से 12 बजे के मध्य अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके ट्रेलर वाहन में लगे 02 नग बैटरी, नोजल, पंप एवं अन्य सामान, जिसकी कुल कीमत लगभग 45,000 रुपये है, को जामपाली खदान के सामने मेन रोड किनारे से चोरी कर लिया गया। रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी संतोष यादव को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसने अपने साथी लक्ष्मीनारायण यादव के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों द्वारा चोरी की बैटरियों को ग्राम टेरम मेन रोड के पास झाडिय़ों में छिपाकर रखना बताया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी संतोष यादव के कब्जे से एक पुरानी इस्तेमालशुदा बैटरी तथा आरोपी लक्ष्मीनारायण यादव के कब्जे से एक पुरानी इस्तेमालशुदा बैटरी, कुल कीमती 5,000 रुपये बरामद की गई। आरोपियों की संख्या एक से अधिक होने के कारण प्रकरण में धारा 3(5) भारतीय न्याय संहिता भी जोड़ी गई है।


