रायगढ़

ट्रेलर से टायर चोरी, दो फरार आरोपी गिरफ्तार
01-Feb-2026 7:08 PM
ट्रेलर से टायर चोरी, दो फरार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 1 फरवरी। थाना जूटमिल पुलिस ने ट्रेलर से टायर चोरी के प्रकरण में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में की गई।

प्रार्थी शुभम अग्रवाल उम्र 28 वर्ष निवासी बरमकेला ने 05 अक्टूबर को थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके तथा उसके परिचित के तीन ट्रेलर वाहन 30 सितंबर को एनटीपीसी लारा से फ्लाई ऐश लोड कर पाटन (रायपुर) के लिए रवाना हुए थे। 02 अक्टूबर को तीनों चालक मोबाइल बंद कर फरार हो गए, बाद में छातामुड़ा के पास तीनों ट्रेलर खड़े मिले, जिनसे कुल 15 टायर डिस्क सहित चोरी पाए गए, जिनकी कीमत लगभग 1,50,000 रुपये है। इस पर थाना जूटमिल में धारा 303(2), 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना पर पुलिस ने पहले चरण में नरेश महंत, गौरव सिंह एवं मोहम्मद फिरोज को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 नग टायर तथा घटना में प्रयुक्त टाटा एस वाहन  जप्त किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि शेष 11 टायर सक्ती जिले में बेचे गए हैं, जिस पर प्रकरण में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता जोड़ी गई थी।

लगातार पतासाजी के दौरान ग्राम छपोरा स्थित चन्द्रा ढाबा से फरार आरोपी फुलेश्वर चन्द्रा एवं मोहम्मद टिंकु उर्फ टिंकु खान को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने 11 नग टायर डिस्क सहित खरीदकर आगे ट्रक चालकों को बेच देना स्वीकार किया। आरोपियों से चोरी की बचत रकम 900 रुपये जप्त की गई। दोनों आरोपियों को 30 जनवरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले का एक आरोपी सतीश कुमार अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।


अन्य पोस्ट