राष्ट्रीय

महाकुंभ में मची भगदड़, कई लोगों के मारे जाने की आशंका
29-Jan-2025 12:26 PM
महाकुंभ में मची भगदड़, कई लोगों के मारे जाने की आशंका

प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान भगदड़ मच जाने की खबर आ रही है. कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका है, लेकिन प्रशासन ने अभी तक आंकड़ों की पुष्टि नहीं की है.

डॉयचे वैले पर चारु कार्तिकेय की रिपोर्ट-

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बुधवार 29 जनवरी को सुबह दो बजे के आस पास प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ में भगदड़ मच गई. कई लोगों के घायल होने की खबर है. इसी के साथ कुछ लोगों के मारे जाने की भी खबरें आ रही हैं, लेकिन प्रशासन ने अभी तक आंकड़ों की पुष्टि नहीं की है.

यह मौनी अमावस्या का दिन है, यानी महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सबसे पवित्र दिनों में से एक. अंदाजा था कि इस दिन करीब 10 करोड़ लोग संगम में डुबकी लगाने के लिए पहुंचेंगे.

संगम से दूर रहने की हिदायत
लेकिन भगदड़ की खबरें आने के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं को संगम से दूर रहने के लिए कहा है. लोगों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, "मां गंगा के जिस घाट के आप समीप हैं, वहीं स्नान करें, संगम नोज की ओर जाने का प्रयास न करें."

संगम नोज यानी संगम के तट का वो इलाका जिसके बाद संगम शुरू हो जाता है. हिंदू मान्यताओं के अनुसार संगम में डुबकी लगाने से पापों से मुक्ति मिलती है, जन्म-मृत्यु के चक्र से मुक्ति मिलती है और स्वर्ग की प्राप्ति होती है.

इसी वजह से कुंभ के दौरान संगम के आस पास नहीं बल्कि ठीक संगम में ही डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ लगी रहती है. लोगों का मानना है कि इस बार महाकुंभ के दौरान ग्रहों का जो योग बना है वो 144 सालों में एक बार आता है, इसलिए लोगों में इस महाकुंभ में संगम में डुबकी लगाने का विशेष रूप से चाव दिख रहा है.

कई लोगों के मारे जाने की आशंका
समाचार एजेंसियों के मुताबिक मेला स्थल पर ही बने अस्थायी अस्पताल के बाहर परेशान परिवारों का तांता लगा हुआ है जो अपने लापता रिश्तेदारों के बारे में पूछताछ कर रहे हैं. बचावकर्मी घायल लोगों को अस्पताल तक पहुंचा रहे हैं और पुलिस भीड़ का नियंत्रण करने की कोशिश कर रही है.

जहां भगदड़ मची थी उस जगह के आस पास कपड़े, कंबल, बैग और अन्य सामान बिखरा पड़ा है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भगदड़ का कारण क्या था और कितने लोग घायल हुए हैं. समाचार एजेंसी एपी ने कुछ स्थानीय वेबसाइटों के हवाले से कहा कि 10 लोगों की मौत हो गई है. हालांकि रिपोर्टों के अनुसार इसमें महाकुंभ की व्यवस्था पर उंगलियां उठ रही हैं. (dw.com/hi)
 


अन्य पोस्ट