राष्ट्रीय

पश्चिम बंगाल के मंत्री के भाई के खिलाफ आयकर विभाग का तलाशी अभियान समाप्त
23-Mar-2024 4:45 PM
पश्चिम बंगाल के मंत्री के भाई के खिलाफ आयकर विभाग का तलाशी अभियान समाप्त

कोलकाता, 23 मार्च पश्चिम बंगाल के मंत्री अरूप विश्वास के भाई स्वरूप विश्वास के परिसरों पर आयकर विभाग का तलाशी अभियान शनिवार को समाप्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बुधवार को शुरू हुआ तलाशी अभियान 70 घंटे से अधिक समय तक चला। कोलकाता में विश्वास के विभिन्न परिसरों पर छापेमारी की गई।

आयकर विभाग ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता विश्वास पर कर चोरी और आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति का आरोप लगाया है।

स्वरूप विश्वास की पत्नी जूही विश्वास ने संवाददाताओं से कहा कि आयकर अधिकारियों ने और दस्तावेज मांगे हैं, जिन्हें आने वाले दिनों में सौंपा जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तलाशी अभियान विपक्षी दलों के खिलाफ केंद्र में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध’’ का परिणाम है।

उन्होंने कहा, ‘‘(लोकसभा) चुनाव से पहले भाजपा द्वारा विपक्ष को निशाना बनाया जा रहा है। मुझे एक उदाहरण दिखाइए जहां उनके (भाजपा नेताओं) खिलाफ एक भी ऐसा अभियान चलाया गया हो।’’

भाजपा के वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, ‘‘ये सभी तलाशी अभियान अदालत के निर्देशों के अनुसार किए जा रहे हैं। विभिन्न एजेंसियों की कार्रवाई को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है।’’ (भाषा) 


अन्य पोस्ट