महासमुन्द

कोमाखान जगन्नाथ मंदिर से 163 साल पुराने चांदी के 5 मुकुट चोरी
28-Jul-2021 5:04 PM
कोमाखान जगन्नाथ मंदिर से 163 साल पुराने चांदी के 5 मुकुट चोरी

महंत के खिलाफ अमानत में खयानत का जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जुलाई।
जिले के कोमाखान राजमहल परिसर के राधाकृष्ण मंदिर और भगवान जगन्नाथ मंदिर से करीब 163 साल पुराने ऐतिहासिक महत्व के पांच किलो वजनी चांदी के पांच मुकुटों की चोरी हो गई है। राज परिवार के थियेंद्र प्रताप सिंह ने कोमाखान थाने में इसकी रिपोर्ट लिखाई है। श्री सिंह के अनुसार यह मुकुट उनके पूर्वजों ने सन 1858 में बनवाए थे।
इस मामले में मंदिर में पूजापाठ और देखरेख करने वाले महंत दीपक दास के खिलाफ अमानत में खयानत का अपराध दर्ज किया गया है। मुकुट की कीमत करीब साढ़े तीन लाख बताई गई है। 

 बताया गया है कि महंत दीपक दास को मंदिर व ट्रस्ट की देखरेख की जिम्मेदारी 2008 में दी गई थी। महंत ने 2012-13 में एक बार चांदी के मुकुटों को खरियार रोड में गिरवी रख दिया था। पता चलने और दबाव बनाने पर मुकुट लाया गया था। वह अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

पुलिस के अनुसार महंत ने मुकुटों के बार में जानकारी नहीं दी और गोलमोल जवाब दिया, तब थयेन्द्र प्रताप सिंह ने थाने में महंत के खिलाफ अपराध दर्ज कराया। जानकारी अनुसार इस वर्ष रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बड़े भैया बलराम व बहन सुभद्रा के सिर पर जब मुकुट नहीं था, तो इस संबंध में महंत दीपक दास से जानकारी ली गई, लेकिन वह गोलमोल जवाब देने लगा और मुकुट के बारे में नहीं बताया।

पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस मामले को लेकर दो बार बैठकें हो चुकी है। ग्रामीणों के सामने भी महंत मुकुटों के बारे में गोलमोल जवाब देता रहा।
कोरोना काल के दौरान मंदिर में पदाधिकारियों का आना-जाना बंद हो गया था। रथयात्रा भी नहीं निकली थी। अत: मुकुट पर ध्यान नहीं गया। 2021 के रथयात्रा के लिए 10 जुलाई को बैठक की गई उस वक्त महंत से मुकुट के बारे में पूछताछ की  गयी, लेकिन गोलमोल जवाब दिया। तब मामले का पता चला।
 


अन्य पोस्ट