महासमुन्द

परिवार सोया रहा, चोरों ने किया नगदी पार
28-Jul-2021 5:01 PM
परिवार सोया रहा, चोरों ने किया नगदी पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 महासमुंद, 28 जुलाई।
तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मालीडीह में एक नवनिर्मित मकान से 65 हजार रुपए नगदी चोरी होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार जिस समय चोरी की घटना हुई, उस वक्त सारे लोग घर में सोए थे। 

अज्ञात चोर घर के भीतर घुसा और पेटी चुराकर ले गया, जिसमें 65 हजार रुपए नगदी था। हालांकि पुलिस ने इस मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध कायम कर लिया है, लेकिन पुलिस को भी यह चोरी संदेहास्पद लग रही है। 

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। सभी घर में थे, ऐसे में चोरी होना समझ से परे है। इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
वहीं प्रार्थी के भाई से भी पूछताछ की गई है, लेकिन कुछ पता नहीं चला है। इसके अलावा अन्य लोगों से भी पूछताछ जारी है। घटना 25-26 जुलाई की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। 
थाने से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मालीडीह निवासी खेमराज पटेल के यहां चोरी की वारदात हुई है। खेमराज व उसके भाई ने गांव में नया घर बनाया है। 25 जुलाई रात 10 बजे सभी खाना खाकर सो गए थे।

पुलिस ने बताया कि घर के दूसरे कमरे में पेटी रखा था, जिसमें 65 हजार रुपए नगद थे, जिसे कृषि कार्य के लिए रखा था। रात तीन बजे जब प्रार्थी की मां उठी तो उसने देखा कि आंगन का लाइट बंद है और कमरे का ताला टूटा हुआ है। 

जानकारी होने के बाद सभी कमरे में पहुंचे तो पेटी वहां पर नहीं थी। बताया जा रहा है कि चोरी की गई पेटी घर से 1 किमी दूर धंसकुड नाले के पास मिली। पेटी में लगा ताला टूटा हुआ था। उसके अंदर रखे नगदी रुपए 65 हजार नहीं थे।
 


अन्य पोस्ट