महासमुन्द

महिलाओं के उत्थान से ही समाज का समुचित विकास होगा-विनोद
26-Jul-2021 8:19 PM
महिलाओं के उत्थान से ही समाज का समुचित विकास होगा-विनोद

    बेंद्रीडीह में निदान हर्बल हाईजेनिक सेंटर का शुभांरभ   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 जुलाई। ग्राम पंचायत मालीडीह के ग्राम बेंद्रीडीह में संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने निदान हर्बल हाईजेनिक सेंटर का शुभांरभ किया। इस दौरान संसदीय सचिव ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने जीवन-यापन के अवसर उपलब्ध कराने में यह केंद्र महत्वपूर्ण साबित होंगे। शनिवार को ग्राम बेंद्रीडीह में निदान हर्बल हाईजेनिक सेंटर का शुभांरभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर थे। अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल ने की। विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य अमर चंद्राकर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष त्रिलोकी राधेश्याम ध्रुव, जनपद सदस्य रमाकांत ध्रुव, अरूण चंद्राकर, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद मौजूद थे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि महिलाओं के उत्थान से ही समाज का समुचित विकास होगा।

इसे ध्यान में रखते हुए भूपेश सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने सहित आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरसंभव पहल की जा रही है। महिलाओं को सक्षम बनाने के लिए उन्हें विभिन्न गतिविधियों और उद्यमों से लगातार जोड़ा जा रहा है। जिससे महिलाएं लाभान्वित भी हो रही है। उन्होंने कहा कि निदान हर्बल हाईजेनिक सेंटर से जुडक़र महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन सकेंगीं।


अन्य पोस्ट