महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 जुलाई। जिले में चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की रात बागबाहरा में मेन रोड में स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। यहां से चोर ने अलग-अलग कंपनियों के 5 एलईडी की चोरी कर ली। चोरी की गई सामग्री की कीमत 50 हजार 500 रुपए है। गल्ले में रखे 1 हजार नगदी भी लेकर चोर फरार हैं। मामला बागबाहरा शहर मेन रोड का है। दुकान में चोरों ने छत के रास्ते से प्रवेश किया था।
पुलिस का कहना है कि छत ऊपर का दरवाजा सहीं ढंग से बंद नहीं था। चोर इतने शातिर हैं कि सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उठा ले गए। थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि वार्ड क्रमांक 8 जवाहर चौक निवासी घनश्याम कुंजेकार का मेनरोड एनएच. 53 में इलेक्ट्रॉनिक व फर्नीचर की दुकान है। घनश्याम का बेटा सचिन कुंजेकार दुकान का संचालन करता है।
प्रतिदिन की भांति शनिवार को रात आठ बजे वह दुकान बंद कर अपने घर चला गया। दुकान के अंदर से सीढियां कमरे से होते हुए ऊपर छत तक गई है, जहां लकड़ी का दरवाजा लगा है जो अंदर से बंद रहता है। उसी दरवाजे को खोलकर अज्ञात चोरों ने प्रवेश किया और 5 नग एलईडी टीवी व सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर ले गए। जब कल दूसरे दिन दुकान खोलने नौकर आया तो चोरी की घटना का पता चला।