महासमुन्द
8 लाख से ज़्यादा जड़े रोपित की जाएंगी, 142 एकड़ जमीन में चारागाह विकसित किया जा रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 जुलाई। राज्य शासन की महत्वकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी का क्रियान्वयन महासमुंद जिला प्रशासन द्वारा तेजी से किया जा रहा है। जिले में गौठान कार्य तेजी से चल रहा है और लगभग 142 एकड़ जमीन में चारागाह विकसित किया जा रहा है। चारागाह में मवेशियों को हरा चारा उपलब्ध कराने के लिए नेपियर घास लगाया जाएगा। यह व्यवस्था हो जाने से मवेशियों को बेहतर स्थान मिल सकेगा। पशुओं के चारे की कमी नहीं होगी। जिले के सभी ब्लॉक चारागाहों में हरियाली लहलहाएंगी।
सुपर हाइब्रिड नेपियर ग्रास की 8 लाख से ज़्यादा सेप्लिग जड़, जिले के सभी उपयुक्त गौठानों, केविके कृषि कालेज के 5-5 एकड़ में भी रोपित किया जा रहा है। अभी जबकि नेपियर घास उपलब्ध नहीं हैं, गोठानों में पशुओं को भूंसा और पैरा आदि दिया जा रहा है। यहां पशुओं को चारा, पानी, विश्राम एवं इलाज का पुख्ता प्रबंध है।
गौरतलब है कि ‘छत्तीसगढ़’ अखबार में महासमुंद जिले में नरवा, गरवा, घुरवा और बारी को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित की जा रही हैं। हाल ही में ग्राम मुड़मार की स्थिति से पाठकों को रू-ब-रू कराया गया था।
जिले के 210 गौठानों में तार फेंसिंग, पानी और सीपीडी है। इन गौठानों के नजदीक ग्राम पंचायतों में खाली पड़ी चारागाह की भूमि है। इन्हीं स्थानों पर सुपर हाइब्रिड नेपियर ग्रास लगाई जाएगी। जिले के अधिकारी कहते हैं-नेपियर घास की खासियत यह है कि इसकी एक बार रोपाई के बाद पांच वर्ष तक कटाई की जाएगी। जिससे चरागाह में हरियाली समाप्त नहीं होगी और पशुओं को हरा चारा वर्ष भर मिलता रहेगा। वर्तमान में पशुपालन विभाग से 1.25 लाख एवं कृषि विज्ञान केन्द्र से 0.98 लाख नेपियर घास के रूट का वितरण किया जा चुका है तथा शेष लक्ष्य हेतु पशुपालन विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों को आवश्यक निर्देश दिया गया है।
इसी काम को लेकर कल शनिवार को कलेक्टर डोमन सिंह ने कृषि से जुड़े विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि जिले के गोठानों को बहुउपयोगी और बहुउद्देश्यीय कार्यस्थल के रूप में विकसित किया जाए। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने फसल चक्र परिवर्तन के लिए भी कृषि विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को इस दिशा में जागरूक कर कार्य योजना बनाई जाए। समीक्षा बैठक में कृषि, खाद्य, पशुधन, नागरिक आपूर्ति निगम, सहकारिता, केवीके, उद्यानिकी तथा मार्कफेड अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के गौठानों में गौवंशीय एवं भैंसवंशीय पशुओं के लिए चारा, पानी, विश्राम एवं इलाज का पुख्ता प्रबंध के साथ ही पशुओं के नस्ल सुधार एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि चारा-पानी एवं विश्राम की व्यवस्था होने से मवेशी आकर्षित हो रहे हैं और गौठान में उनका जमावड़ा शुरू होने लगा है। गौठानों के बनने से गांव में पशुओं के आवारा घुमने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगी। इससे सडक़ दुर्घटना में भी कमी आएगी। गौठान बन जाने से ग्रामीणों को अपने मवेशियों को चराने की चिंता से मुक्त हुए हैं।
गौठानों में गोवंशों के लिए भूसे की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। जिले के चारागाहों में सुपर हाइब्रिड नेपियर ग्रास की 8 लाख से ज़्यादा जड़ रोपित की जाएगी। जिसकी पांच वर्ष तक कटाई कराई जाएगी। इससे चारागाह में हरियाली बनी रहेगी और पशुओं को पर्याप्त चारा मिल सकेगा। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा भी गौठानो में नेपियर ग्रास लगाई जाएगी। इसके साथ ग्राम पंचायतों में खाली पड़ी चारागाह की भूमि पर सुपर हाइब्रिड नेपियर ग्रास की जड़ों की रोपाई कराने के दो माह बाद घास कटाई योग्य होती है। घास तैयार होने से गोवंशों को हरा चारा मिलता रहेगा और भूसे की खपत कम होगी। हरा चारा गोवंशों के लिए जरूरी है। इसमें सभी पोषक तत्व पाए जाते हैं-उप संचालक कृषि एसआर डोंगरे ।
जिले में पशुपालन को बढ़ावा देने और दुग्ध उत्पादन की लागत कम करने के लिए हरे चारे के विकल्प के रूप में नेपियर घास का उत्पादन पर ज़्यादा जोर दिया जा रहा है। एक बार बुआई के बाद करीब पांच साल तक इसका निरंतर उत्पादन लिया जा सकता है। जबकि मक्का, ज्वार आदि का हरा चारा सिर्फ तीन माह ही मिल पाता है। कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों की ओर से नेपियर घास की इकाई विकसित करने के बाद किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा-कलेक्टर डोमन सिंह ।