महासमुन्द
छत्तीसगढ़ संवाददाता,
महासमुंद, 18 जुलाई। एक हजार किलोमीटर दूर से ओडिशा से स्कूटी में 15 किलो गांजा लेकर आ रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 15 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत डेढ़ लाख रुपए आंकी गई है। पकड़े गए दोनों आरोपी झांसी उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। ये दोनों बिना नंबर की स्कूटी में ओडिशा से गांजा लेकर झांसी उत्तरप्रदेश जा रहे थे। मामला थाना बसना का है। थाना प्रभारी लेखराम ठाकुर ने बताया कि गांजा तस्करी के आरोप में ग्राम चिरगांव जिला झांसी उत्तरप्रदेश निवासी अशोक तिवारी 33 साल एवं राघवेंद्र पिता ओमप्रकाश तिवारी 28 साल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार दोनों युवक एक प्लास्टिक बोरी में गांजा लेकर ओडिशा से आ रहे थे। जिन्हें पदमपुर रोड सिटी ग्राउंड के पास गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक सफेद स्कूटी में सवार हंै। ये गांजा लेकर पदमपुर रोड बसना की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही टीम ने पदमपुर रोड सिटी ग्राउंड के पास घेराबंदी घेराबंदी कर इंतजार कर रहे थे। तभी एक स्कूटी बसना की ओर आते दिखी। दोनों युवकों को रोका और उनके पास रखे प्लास्टिक बोरे की तलाशी ली गई। इस दौरान 15 किलो गांजा मिला। दोनों युवकों को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने आरोपी से परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी, दो मोबाइल एवं 1490 रुपए जब्त किए।
पकड़े गए युवकों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि वे जबलपुर, कवर्धा होते हुए दो दिन पहले ही छग पहुंचे। यहां वे बसना पदमपुर रोड होते हुए गांजा खरीदने सोनपुर ओडिशा गए थे। यहां विश्राम करने के बाद गांजा लेकर फिर इसी रास्ते से झांसी उत्तरप्रदेश जा रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि जब्त स्कूटी भी झांसी की है, अभी नंबर नहीं आया है।