महासमुन्द

मोदी ने किया छत्तीसगढ़ की जनता से छल-नामदेव
17-Jul-2021 5:18 PM
मोदी ने किया छत्तीसगढ़ की जनता से छल-नामदेव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
पिथौरा, 17 जुलाई।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश नामदेव ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा को उनकी केंद्र सरकार ने नकार दिया। केंद्र में सत्तासीन बीजेपी ने अपने मंत्रीमंडल का वृहत विस्तार किया, परंतु आश्चर्य की बात रही कि छग से किसी भी बीजेपी के सांसद और नेता को मंत्री नहीं बनाया गया। याद रहे कि यहां 11 में 9 सांसद बीजेपी के हैं। छत्तीसगढ़ के लोगों को आस थी कि इस मंत्री विस्तार में कम से कम दो लोगों को कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा, परंतु कैबिनेट तो दूर बीजेपी ने राज्यमंत्री तक नहीं बनाया ।

उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा मंत्री नहीं बनाने से यह बात स्वाभाविक रूप से प्रमाणित है कि छग के बीजेपी सांसद और नेता आला कमान या शीर्ष नेतृत्व का विश्वास नहीं जीत पाए है। जिसकी वजह  से 9 सांसद होते हुए भी किसी को मंत्री नहीं बनाया गया। इस बात को छत्तीसगढ़ की जनता कभी भूल नहीं पायेगी। छत्तीसगढ़ राज्य आदिवासी और पिछड़ा वर्ग बहुसंख्यक है, इस बात को जानते हुए भी केंद्र की बीजेपी और नरेंद्र मोदी की  सरकार ने प्रदेश से मंत्री न बनाकर आदिवासी समाज और पिछड़ा वर्ग के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाया है, उनकी भावनाओं के साथ छल किया।

 छत्तीसगढ़ की भोली भाली जनता ने मोदी जी को बातों पर विश्वास कर उनकी झोली में 9 सांसद जीताकर दिए, पर इन छत्तीसगढ़ के ढाई करोड़ लोगों की आवाज संसद तक नहीं पहुंच सकती, परंतु जब केंद्र में कांग्रेस की मनमोहन सिंह की सरकार थी, तब छत्तीसगढ़ से एक मात्र कांग्रेस के कोरबा लोकसभा सीट से चरणदास महंत को मंत्री बनाकर कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढिय़ों का मान बढ़ाया था, पर मन की बात करने वाले मोदी जी ने मान बढ़ाने वाली बात नहीं की। 

जब से राज्य में भूपेश जी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार आई है, तभी से छत्तीसगढ़ के बीजेपी के नेताओं की पूछपरख केंद्रीय नेतृत्व में नहीं के समान है, क्योंकि 15 साल के शासन में बीजेपी के नेताओ ने भ्रष्टाचार के और घोटाले के सिवाय कुछ नहीं किया , अब सिर्फ दिखावे स्वरूप सिर्फ अखबारों में विरोध दर्ज करते रहते हैं। रमन सरकार का नारा था कि डीजल नहीं अब खाड़ी से, मिलेगा अपनी बाड़ी से, सिर्फ जुमला साबित हुआ और पूरे 15 सालों के बीजेपी शासन में 15 लीटर डीजल भी बाड़ी से नहीं निकल सका पर हां करोड़ों रुपए का घोटाला जरूर हुआ।

इसी प्रकार चाउर वाले बाबा बनकर सार्वजनिक वितरण प्रणाली में फर्जी राशनकार्ड बनाकर 36 हजार करोड़ रुपए का चूना लगाया , ठीक इसके उल्टे ढाई साल की भूपेश सरकार की राजीव गांधी किसान न्याय योजना की सफलता से अभिभूत होकर केंद्र की मोदी सरकार ने इस योजना का पूरा प्रपत्र मांगा ताकि इस योजना को पूरे भारत में लागू कर किसानों को लाभ पहुंचाया जा सके। एक ओर केंद्र की बीजेपी सरकार राज्य की भूपेश जी की सरकार की योजना की तारीफ कर रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य के बीजेपी नेता भूपेश जी की जन हितैषी किसान हितैसी सरकार को गलत बताने में अपना समय नष्ट कर रही है। केंद्रीय बीजेपी नेतृत्व और राज्य में सामंजस्य की कमी है तो पहले मोदी जी को राज्य के बीजेपी नेताओं से मन की बात करनी चाहिए।
 


अन्य पोस्ट