महासमुन्द
12 हजार से अधिक परिवार को नहीं मिला राशन
महासमुंद, 17 जुलाई। महासमुंद वेयर हाउस से शुक्रवार को भी राशन की कोई गाड़ी लोड नहीं हुई। इसके चलते दुकानों तक पीडीएस का चावल नहीं पहुंचा। इस तरह शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र की राशन दुकानों से गरीबों को चावल नहीं मिल पा रहा है। नागरिक आपूर्ति निगम व ठेकेदार की लापरवाही के कारण महासमुंद शहर के 25 राशन दुकानों में इस महीने राशन नहीं पहुंचा है। इसके चलते 12 हजार से अधिक एपीएल और बीपीएल परिवार को इस महीने राशन नहीं मिल पाया है और गरीबों को बाहर से चावल खरीदकर खाना पड़ रहा है।
शहर में 25 पीडीएस की दुकानें है, जहां नागरिक आपूर्ति निगम के द्वारा चावल का भंडारण कराया जाता है। प्रति महीने सभी दुकानों में भंडारण की जिम्मेदारी नान की है, लेकिन 1 जुलाई के बाद से आज तक शहर के एक भी दुकानों में पीडीएस का चावल नहीं पहुंचा है। इसकी जानकारी वेयर हाउस के प्रभारी धनेन्द्र देवांगन ने दी है।
उन्होंने कहा कि ठेकेदार के गाडिय़ों का कागजात नहीं होने के कारण लेवर ठेकेदार ने परिवहन बंद कराया दिया था। जिसके बाद से परिवहन बंद कर गाडिय़ां खड़ी कर दी गई हैं। ज्ञात हो कि शहरी क्षेत्र में हर महीने राशन का भंडारण किया जाता है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में एक महीने एडवांस में राशन का स्टॉक होता है। गरीबों को यह डर सता रहा है कि अतिरक्त चावल के साथ महीने का आवंटन कहीं लैप्स न हो जाए। क्योंकि 28 तारीख के बाद सिस्टम लॉक हो जाता है। उसके बाद चावल नहीं मिलता है। उस महीने का चावल लैप्स हो जाता है।