महासमुन्द

हमर विधायक-हमर द्वार: महासमुंद विधायक ने किया नपं तुमगांव का भ्रमण
17-Jul-2021 4:57 PM
हमर विधायक-हमर द्वार: महासमुंद विधायक ने किया नपं तुमगांव का भ्रमण

नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 17 जुलाई।
हमर विधायक.हमर द्वार अभियान के तहत कल शुक्रवार को संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर नगरपंचायत तुमगांव का भ्रमण कर नागरिकों की समस्याओं से रूबरू हुए। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण कर सीसी रोड सहित विभिन्न मांगों पर नपं अधिकारी को आवश्यक दिशा.निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न वार्डों में संसदीय सचिव श्री चंद्राकर का नागरिकों ने आत्मीय स्वागत किया।

तुमगांव के भाठापारा वार्ड से अभियान की शुरूआत हुई। भाठापारा में नागरिकों ने संसदीय सचिव श्री चंद्राकर का आत्मीय स्वागत किया। यहां से पदयात्रा करते हुए विभिन्न वार्डों का भ्रमण करते हुए वार्डवासियों से रूबरू हुए। यहां वार्डवासियों व एल्डरमेन हर्ष शर्मा ने वार्ड 15 गाड़ाघाट में गौठान निर्माण के लिए संसदीय सचिव श्री चंद्राकर का ध्यानाकर्षित कराया। उन्होंने बताया कि शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरूवा गरूवा घुरूवा बाड़ी के अंतर्गत नगर पंचायत तुमगांव में गौठान निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। परंतु भूमि के अभाव में योजना का क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। 

इस दौरान वार्ड 8 निवासी लोकनाथ जोगी ने आवास योजना के तहत लाभ दिलवाने तथा राशन कार्ड बनवाने की मांग रखी। इसी तरह कमलेश अजगले, संजय गहरवाल, शिवा पटेल ने वार्ड 12 में आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। वार्ड 13 की पार्षद उमा देवी नायक, पार्षद विजय बांदे, सलीम भाठी, थानूराम साहू, धर्मेंद्र धीवर, रामकिशोर अहिरवार आदि ने बाजारपारा के शासकीय प्राथमिक स्कूल को अंग्रेजी माध्यम स्कूल के रूप में उन्नयित करने ध्यानाकर्षित कराया। वार्ड नं तीन की महिलाओं ने सीसी रोड तथा वार्ड नंबर दो के नागरिकों ने नाली में स्लैब निर्माण की मांग की। जिस पर तत्काल संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने नपं सीएमओ सौरभ तिवारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिये। 
 


अन्य पोस्ट