महासमुन्द

महासमुंद में डीएलएड परीक्षा केन्द्रों की संख्या बढ़ाए माशिम-अभाविप
17-Jul-2021 4:52 PM
महासमुंद में डीएलएड परीक्षा केन्द्रों की संख्या बढ़ाए माशिम-अभाविप

कहा- 300 परीक्षार्थियों को एक केन्द्र में बुलाना परीक्षार्थियों एवं स्टाफ  दोनों के लिए खतरनाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 17 जुलाई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की महासमुन्द इकाई ने माशिमं द्वारा आयोजित की जाने वाली आगामी डीएलएड परीक्षा हेतु नगर में परीक्षा केन्द्रों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सचिव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। 

अभाविप के नगर मंत्री कुम्भज चन्द्राकर ने बताया कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा डीएलएड की परीक्षा प्रत्यक्ष उपस्थिति के साथ कराने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र में जाकर परीक्षा देना होगा। हालांकि प्रत्यक्ष उपस्थिति के साथ परीक्षाओं का आयोजन हमारी चरमराई शिक्षा व्यवस्था के लिए राहत की बात है। लेकिन कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए विचार करें तो  परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर परीक्षा केन्द्रों की संख्या कम प्रतीत हो रहीं हैं। 

परिषद का कहना है कि मण्डल द्वारा जारी परीक्षा केन्द्रों की सूची के अनुसार महासमुन्द नगर के दो महाविद्यालयों जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान डाईट एवं इण्डियन कॉलेज ऑफ़  जुकेशन के 294 परीक्षार्थियों को केवल एक ही परीक्षा केन्द्र आबंटित किया गया है। कोविड.19 प्रोटोकॉल के अनुसार भौतिक दूरी एवं अन्य सावधानियों के साथ इतनी बड़ी संख्या में वहां परीक्षा कराना संभव ही नहीं है। ऐसे में परीक्षार्थियों में भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है। इतनी संख्या में एक ही स्थान पर परीक्षा लेना परीक्षार्थियों के साथ.साथ परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों, शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की सेहत के लिए घातक हो सकता है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने माशिम के सचिव के समक्ष यह मांग रखी है कि परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर महासमुन्द नगर में परीक्षा केन्द्रों की संख्या में वृद्धि की जाए ताकि परीक्षार्थी कोविड.19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए निश्चिन्तता से परीक्षा दे सकें।

यह प्रेस विज्ञप्ति नगर कार्यालय मंत्री गुलाब ठाकुर द्वारा जारी की गई है।
 


अन्य पोस्ट