महासमुन्द

बारिश ने किसानों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं
15-Jul-2021 5:08 PM
बारिश ने किसानों की  उम्मीदें बढ़ा दी हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 जुुलाई।
जिले में सोमवार और मंगलवार को हुई बारिश ने किसानों की उम्मीदें बढ़ा दी है। यह बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं रहा। 
पिछले कई दिनों से बारिश न होने से किसान बेहद परेशान थे। उनको अपनी फसलों के बर्बाद होने की चिंता सता रही थी। किसान प्रार्थना कर रहे थे कि किसी भी तरह बारिश हो। 
मालूम हो कि मानसून आने के बाद जिले में खरीफ  की बोवाई भी हो चुकी है और धान के साथ अन्य फसल भी खेतों में नजर आने लगी। लेकिन आसमान से बादल गायब हो गया। प्रचंड गर्मी से लोग बेहाल हुए तो खेतों की फसलें भी मुरझाने लगीं। यह देखकर किसान चिंतित थे। दो दिन की हल्की बारिश से ही उम्मीद बंध गई है।

कृषि विभाग से अब तक 54 हजार 082 किसानों को खेती-किसानी के लिए 220.93 करोड़ का ऋण वितरण किया गया है।
उप संचालक कृषि एसआर डोंगरे ने बताया कि किसानों ने खरीफ वर्ष 2021-22 में लगभग 65 प्रतिशत से ज्यादा बोनी पूरी कर ली है। किसान धान रोपा में व्यस्त हो गए हैं। कृषि विभाग से जिले में लगभग दो लाख 59 हजार हेक्टेयर में खरीफ फसलों की बोनी करने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य के विरुद्ध अब तक लगभग एक लाख 77 हजार हेक्टेयर में किसानों ने खरीफ मौसम की धान, मक्का, दलहन और तिलहन फसलों की बोवाई पूरी की है। पिछले साल इस अवधि में बोनी का प्रतिशत इसी के आस.पास था। जिले में चालू मानसून के दौरान विगत एक जून से 14 जुलाई तक 324 मिलीमीटर औसत वर्षा हो चुकी है। इस दौरान सबसे ज्यादा 417 मिलीमीटर बारिश महासमुंद विकासखंड में हुई है।
 


अन्य पोस्ट