महासमुन्द

खेतों में फसल सूखने की कगार पर, बारिश की दरकार
14-Jul-2021 5:19 PM
खेतों में फसल सूखने की कगार पर, बारिश की दरकार

छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 14 जुुलाई।
जिले में धान की बोनी पूरी हो चुकी है। धान के पौधों को अब बारिश की दरकार है। कई खेतों में खसल सूखने की कगार पर है। कल दिन भर नीले आसमान में सफेद बादल छाए हुए थे और तेज धूप थी। आज भी सुबह से धूप छांव का खेल जारी है। आज चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण तटीय ओडिशा और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। एक निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम.मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर पश्चिम बंगाल, उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश, दक्षिण तटीय ओडिशा पर स्थित है।

इसके साथ उपरी हवा का चक्रवाती घेरा मध्य ट्रोपोस्फेरिक लेवल तक विस्तारित है। एक द्रोणिका कच्छ से उत्तर मध्य बंगाल की खाड़ी तक दक्षिण गुजरात, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा होते हुए 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

 मंगलवार को शाम होते ही मौसम में बदलाव आया और चारों ओर से काली घटाओं ने आसमान को घेर लिया लेकिन हल्की बारिश के बादल गायब हो चली। कल भी दिनभर धूप-छांव का खेल चलता रहा। दोपहर में उमस व गर्मी से लोग परेशान थे। शाम को हुई 10 मिनट की बारिश ने फ ौरी राहत जरूर दी। 

मौसम विभाग का कहना है कि तगड़ा सिस्टम नहीं बनने के कारण इस बार लंबी झड़ी नहीं लगी है। झड़ी नहीं लगने की वजह से तापमान घट नहीं रहा है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज की जा रही है। कल मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री था। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज की गई। इसके अलावा पिछले चार दिनों में बारिश ही नहीं हुई है। हालांकि कुछ क्षेत्र में हुई है, लेकिन अच्छी नहीं है। बीते 9 जुलाई को महासमुंद, सरायपाली व बसना में बारिश नहीं हुई है। लेकिन बागबाहरा में 14.1 मिमी व पिथौरा में 3.5 मिमी. बारिश हुई है। वहीं 10 जुलाई को जिले में बारिश ही नहीं हुई है फिर 11 जुलाई को पिथौरा छोड़ 4 ब्लॉक में बारिश नहीं हुई है। पिथौरा में 4.5 मिमी.बारिश हुई। फिर 12 जुलाई को महासमुंद में 5.1, पिथौरा में 15.0 व बागबाहरा में 10.2 मिमी बारिश हुई है। सरायपाली व बसना में बारिश ही नहीं हुई।

मौसम विभाग के आकड़ों पर यदि नजर डालें तो इस साल जिले में 1 जून से अब तक 322.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसी प्रकार पिछले साल 2020 में 1 जून से 13 जुलाई तक 576.6 मिमीण् बारिश दर्ज की गई थी। यानी पिछले साल 254 मिमी अधिक बारिश हुई है। इस साल भी मानसून सही समय पर आ गया है, लेकिन तगड़ा सिस्टम नहीं बन पा रहा है। इसकी वजह से पिछले साल की बनिस्बत इस साल कम बारिश हुई है।
 


अन्य पोस्ट