महासमुन्द

टर्फ विकेट नहीं, ग्राउंड मुरुम से बनी, इसलिए 9 साल से एक भी खेल स्पर्धाएं नहीं हुई
13-Jul-2021 6:05 PM
 टर्फ विकेट नहीं, ग्राउंड मुरुम से बनी, इसलिए 9 साल से एक भी खेल स्पर्धाएं नहीं हुई

महासमुंद मिनी स्टेडियम डी श्रेणी का, खिलाडिय़ों के लिए काफी खतरनाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 जुुलाई।
महासमुंद के मिनी स्टेडियम में टर्फ  विकेट नहीं है। साथ ही ग्राउंड मुरूम से बनी है, जिसके चलते यहां खेलना काफी खतरनाक है। इसी के चलते ही सीएससीएस छग स्टेट क्रिकेट संघ ने बीसीसीआई के नियमानुसार महासमुंद मिनी स्टेडियम को डी श्रेणी में रखा है। इसका मतलब है कि यह मैदान खिलाडिय़ों के लिए काफी खतरनाक है और खेलने लायक नहीं है। खेल संघ के पदाधिकारी इसका कारण यहां खेल आयोजनों के साथ-साथ अन्य आयोजनों का होना बताते हैं।

मालूम हो कि डी श्रेणी के खेल ग्राउंड और टर्फ  विकेट के नहीं होने के कारण पिछले 9 सालों से यहां सीएससीएस व बीसीसीआई की कोई भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित नहीं हुई है। अंतिम बार 2012 में सीएससीएस का जिला स्तरीय मैच महासमुंद मिनी स्टेडियम में हुआ था। इस मैच में सीएससीएस के क्वालिफाई एंपायर आए थे, जिन्होंने इस ग्राउंड की हालत को देखकर इसे डी कैटेगरी में डाल दिया और इसे खेल के लिए पर्याप्त सुविधाजनक नहीं बताया। 

सीएससीएस सभी जिलों को अलग-अलग कैटेगरी में उनके संसाधन व उसकी क्वालिटी के आधार पर रखती हैं। यह कैटेगरी भी बीसीसीआई के नियमों के अनुसार ही तय होते हैं। जिला मुख्यालय के कॉलेज रोड स्थित मिनी स्टेडियम में खेल के साथ अन्य गतिविधियों के आयोजन किया जाता है। ऐसे आयोजनों के लिए आयोजकों द्वारा बजरी व मुरूम डाल दिया जाता है।

जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष सलीम कुरैशी कहते हैं कि 15 अगस्त व 26 जनवरी के आयोजन भी इसी मैदान में होते हैं। इसके लिए प्रशासन द्वारा यहां बजरी व मुरूम डाल दिया जाता है, जिसके चलते यह ग्राउंड खेलने लायक नहीं रहता। इस संबंध में हम लगातार कई बार जिला प्रशासन ने मांग कर चुके हैं। पर अब तक प्रशासन से कोई पहल नहीं हुई। 

जिला क्रिकेट संघ के सलेक्टर राजेश शर्मा कहते हैं कि वैसे भी मिनी स्टेडियम को बड़ी मशक्कत से बनाया गया है। आयोजनों के लिए प्रशासन को अन्य विकल्प तलाश करनी चाहिए। इसमें पुराना मंडी परिसर भी अन्य विकल्पों के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसा होता है तो खिलाडिय़ों को खेलने के लिए सर्व सुविधायुक्त मैदान खेलने को मिलेगा।
 


अन्य पोस्ट