महासमुन्द

कोरोना का असर, रथयात्रा नहीं निकली
12-Jul-2021 5:24 PM
कोरोना का असर, रथयात्रा नहीं निकली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 जुलाई।
राम मंदिर समिति ने रथयात्रा की पूरी तैयारियां की थी, रूट भी तय हो गया था, लेकिन एन वक्त में प्रशासन ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों को कोविड -19 के गाइडलाइन का हवाला देकर रथ यात्रा निकालने से मना कर दिया। आज मंदिर में कोविड-19 के गाइडलाइन के अनुसार भीड़-भाड़ नहीं लगाई गई, एक-एक करके भक्तों ने दर्शन किया। 
ज्ञात हो कि  रविवार को भगवान स्वस्थ हुए, जिसके बाद सुबह 5 बजे नेत्रोत्सव मनाया गया। भगवान ने नवयौवन रूप में दर्शन दिया। इसके बाद पुजारी ने पट बंद कर दिया। आज मंदिर के पट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए गए। 

मंदिर समिति के अध्यक्ष वीरेन्द्र चंद्राकर ने बताया कि रथ यात्रा निकालने की तैयारी पूरी हो गई थी। रथ का रंग रोगन भी कर लिया गया था, लेकिन प्रशासन की ओर से तहसीलदार प्रेमु साहू रविवार को मंदिर पहुंचे और गाइडलाइन दिखाते हुए रथ यात्रा निकालने के लिए मना कर दिया। प्रशासन के दिशा निर्देश के चलते रथ यात्रा नहीं निकलेगी। केवल मंदिर परिसर में ही भ्रमण कराकर भगवान को गुडिंचा मंडप में विराजित किया जाएगा।

 मिली जानकारी के अनुसार इस बार भी भगवान भक्तों के घर में रुकने की बजाए मंदिर परिसर में बने गुडिंचा मंडप में विश्राम करेंगे।
मालूम हो कि कोरोना संक्रमण की वजह से रथ यात्रा नहीं निकलना इतिहास में दूसरी बार होगा। पिछले 50 सालों से लगातार रथ यात्रा निकालते आ रही है। लगातार दो साल हो गए कोरोना की वजह से रथ यात्रा पर ग्रहण लग गया है।

यात्रा निकालने की अनुमित मिलने के बाद समिति के द्वारा करीब साढ़े पांच क्विंटल गजा मूंग प्रसाद तैयार कराया था, ताकि रथ यात्रा के दौरान भक्तों में बांटा जा सके। अब प्रशासन ने रथयात्रा निकालने से मना कर दिया है तो मंदिर आने वाले भक्तों को इसका वितरण किया गया।

 


अन्य पोस्ट