महासमुन्द

अनियमित कर्मचारियों के साथ छल कर रही कांग्रेस सरकार-भूपेन्द्र
12-Jul-2021 5:21 PM
अनियमित कर्मचारियों के साथ छल कर  रही कांग्रेस सरकार-भूपेन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 जुलाई।
आम आदमी पार्टी महासमुन्द के जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर ने आप कार्यकर्ताओं के साथ कल  अनियमित कर्मचारियों के समर्थन में मशाल रैली निकाली, जो गांधी चौक से निकल कर नेहरू चौक में स्थित कांग्रेस भवन के सामने प्रदर्शन किया। तत्पश्चात विधायक महासमुन्द की अनुपस्थिति में शहर अध्यक्ष खिलावन बघेल को नियमित करने की मांग का ज्ञापन सौंपा। 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार 1 लाख 80 हजार अनियमित कर्मचारियों के साथ लगातार छल कर रही है। उनका नियमितीकरण मामला कई सालों से लंबित पड़ा हुआ है। सभी कर्मचारी लगातार आंदोलनरत हैं लेकिन कांग्रेस की भूपेश सरकार कर्मचारियों को नियमित करने के बजाय उन पर कार्रवाई करने की बात कह रही है। मुख्यमंत्री को याद होना चाहिए कि जब वो 2017-18 में जब कांग्रेस के अध्यक्ष होते थे तो अनियमित कर्मचारियों के मंच पर चढक़र घोषणा करते थे कि अगर हमारी सरकार बनेगी तो सरकार बनते ही अनियमित कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। 

अनियमित कर्मचारी अपने उन्हीं मांगों को लेकर आंदोलन करना चाहते हैं तो मुख्यमंत्री उनको परमीशन देने की बजाय दंडात्मक कार्रवाई करने की बात करते हैं । आम आदमी पार्टी इस कार्रवाई का कड़ा विरोध करती है। इस मशाल रैली एवं प्रदर्शन में अभिषेक जैन, कादिर चौहान, राकेश झाबक, पुनाराम निषाद, संजय यादव,भीखम साहू, सेवाराम साहू, सतीश गोतमारे एवं अनियमित कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राम गोपाल खूंटे, अंशुमन चन्द्राकर, डोलनारायण यादव, नोहर टंडन, राजकुमार साहू, हिरेन्द्र निसाद, संजय धु्रव, कार्तिकेश्वर चन्द्राकर आदि कर्मचारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट