महासमुन्द
शासन का ध्यानाकर्षित करने का आश्वासन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 जुलाई। छग स्टेट पॉवर कम्पनी में कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर से मुलाकात कर नियमितिकरण सहित अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की। जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने नियमितीकरण के लिए शासन का ध्यान आकर्षित कराने का आश्वासन दिया।
शनिवार को छग स्टेट पॉवर कम्पनी में कार्यरत संविदा कर्मचारी हरीश कुमार पटेल, विनोद पात्रे, परमेश्वर गायकवाड़, जनक राम श्याम, दिनेश कुमार ध्रुव, विकास कुमार, मनोज कुमार नेताम, सूरज मांडले आदि ने संसदीय सचिव निवास पहुंचकर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान कर्मचारियों ने संसदीय सचिव श्री चंद्राकर को बताया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा आठ हजार मासिक वेतन के साथ काम लिया जा रहा है। बिजली विभाग में नियमित कर्मचारियों की कमी होने के कारण संविदा कर्मचारियों पर काम का बोझ बढ़ गया है। बावजूद इसके खाली पदों पर संविदा कर्मचारियों को नियमित नहीं की जा रही है। पूर्व में दो साल बाद नियमितिकरण की जाती रही है, लेकिन इस बार पांच साल से अधिक समय होने के बाद भी नियमितिकरण की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वहीं बिजली दुर्घटना के बाद संविदाकर्मियों को प्रबंधन द्वारा न ही कोई चिकित्सा सुविधा दी जाती है और न ही चिकित्सा अवकाश दिया जाता है। उन्होंने शीघ्र ही नियमितिकरण किए जाने की मांग की। जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने उनकी मांगों की ओर शासन का ध्यानाकर्षित करने का आश्वासन दिया।
संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने नगरपंचायत तुमगांव के वार्ड क्रं 12 में रंगमंच निर्माण के लिए दो लाख रुपए देने की घोषणा की है। शनिवार को वार्ड पार्षद शैलेंद्र सेन ने रंगमंच निर्माण के लिए संसदीय सचिव श्री चंद्राकर को मांगपत्र सौंपा। जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने दो लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की।