महासमुन्द

जून में कोरोना से 13 मौतें, पुलिस की फाइल में 53 मर्ग कायम
10-Jul-2021 6:23 PM
जून में कोरोना से 13 मौतें, पुलिस की फाइल में  53 मर्ग कायम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 जुुलाई।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार जून में कोरोना से कुल 13 मौतें हुई है, लेकिन पुलिस विभाग में अलग-अलग तिथियों में जून में ही कुल 53 मर्ग कायम किए गए हैं। ये सभी मौतें जून के नहीं, बल्कि अप्रैल और मई महीने के हैं। पुलिस रिकार्ड में बीते 4 जून को कुल 13 मर्ग कोरोना से हुई मौत के मामले कायम हुए हैं, जबकि ये आंकड़े अप्रैल और मई महीने के हैं। इसी तरह 5 जून को 3, 6 जून को 9, 8 जून को 9, 14 जून को 5, 15 जून को 6, 20 जून को 20 और 22 जून को 3 मर्ग कायम किए गए हैं। ये सभी मौतें भी अप्रैल और मई की अलग-अलग तारीखों के हैं।

जानकारी के अनुसार महासमुंद जिले में पिछले एक साल में कोविड-19 से कुल 358 लोग दम तोड़ चुके हैं। जिले में 14 जून 2020 को कोविड-19 संक्रमण के कारण पहली मौत हुई थी। इसके बाद से ये आंकड़े लगातार बढ़ते गए। इस साल अप्रैल और मई महीने में कोरोना से सबसे ज्यादा लोगों ने दम तोड़ा है। 

सरकारी आंकड़ों के अनुसार इन दो महीनों में ही करीब 186 की मौत हुई है, लेकिन हकीकत में इससे कहीं ज्यादा मौतें इन दोनों महीनों में हुई है। जून महीने में ही 53 मर्ग पुलिस विभाग की ओर से कायम किए गए हैं, जिसमें लोगों की मौतें अप्रैल या मई महीने में हुई है। वास्तव में बीते 9 जुलाई को पुलिस विभाग की ओर से जारी डीएसआर में कोविड-19 से मौत के कुल 5 मर्ग अलग-अलग थानों में कायम हुए थे। इसमें से 3 सिंघोड़ा और 2 मौतें तुमगांव थाना क्षेत्र के थे।

पुलिस रिक ार्ड में पिछले महीने जून में कोविड-19 से हुई मौत के कुल 35 मर्ग कायम हुए हैं। जिसमें घटना का दिनांक अप्रैल महीने का है। इसी तरह 18 ऐसे मर्ग कायम हुए हैं, जिसमें मौत मई महीने में हुई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिले में हुई कुल 358 मौतों में से अधिकांश पुरुष शामिल हैं। इनमें से 260 पुरुष और 98 महिलाएं शामिल हैं। इसी तरह उम्र के हिसाब से देखें तो 46 से 60 वर्ष उम्र के करीब 135, 60 से अधिक उम्र के 100 लोगों ने दम तोड़ा है। 

इस मामले में मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ.एनके मंडपे का कहना है कि हो सकता है कोविड के दौरान कई बार संदेहास्पद मौत को कोविड में नहीं जोड़ा गया होगा। इसलिए जब डॉक्टर कन्फर्म हुए होंगे, तब उसकी जानकारी भेजी गई है। अब तक हुई मौत के आंकड़ों की जांच की जाएगी।  
 


अन्य पोस्ट