महासमुन्द
महासमुंद, 10 जुुलाई। डीएमसी पर कार्रवाई किए जाने के बाद जिले के शिक्षकों ने फिर से मोहल्ला क्लास का संचालन शुरू कर दिया है। इससे पहले डीएमसी पर कार्रवाई की मांग को लेकर तीन दिनों तक सहायक शिक्षकों ने मोहल्ला क्लास का संचालन नहीं किया था। इस संबंध में मंगलवार को कलेक्टर ने डीएमसी को कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्यवाही करने का आदेश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए थे। इसके अगले दिन डीएमसी को पद से हटाकर पुन: उनके मूल पद पर नियुक्त किया गया, जिसके बाद से मोहल्ला क्लासेस शुरू हुआ।
मामला यह था कि जिले के ग्राम सोरिद स्थित प्राथमिक शाला के मोहल्ला क्लास के निरीक्षण करने डीएमसी सतीश नायर 2 जुलाई को पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मोहल्ला क्लास संचालित कर रही शिक्षिकाओं को कहा था कि आप लोगों को 2 सालों से बिना किसी काम के बैठे-बैठे वेतन मिल रहा है और कोई काम नहीं है। इसी के विरोध में छग सहायक शिक्षक फेडरेशन ने आंदोलन शुरू किया था और डीईओ कार्यालय घेराव कर कार्यवाही की मांग पूरी नहीं होने तक मोहल्ला क्लास संचालित नहीं करने की बात कही थी। हालांकि इस संबंध में हुई कार्यवाही का फेडरेशन के पदाधिकारियों ने स्वागत किया था।