महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 जुुलाई। वाल्टेयर रूट पर शुक्रवार की शाम तक महासमुंद रेल ट्रैक से कुल 24 ट्रेनें गुजरी हैं। इसमें तीन यात्री ट्रेन भी शामिल है। जानकारी के अनुसार गुरूवार को रेलवे संरक्षा आयोग के रेल सुरक्षा आयुक्त एस मित्रा, संबलपुर डिवीजन के डीआरएम प्रदीप कुमार सहित उनकी टीम महासमुंद पहुंची थी। टीम ने यहां नए पुल, समपार, सिग्नल समेत अन्य उपकरणों का परीक्षण किया था।
साथ ही बेलसोंडा से लेकर आरंग तक विशेष सेलून ट्रेन से स्पीड ट्रायल किया था। संबलपुर रेल मंडल के पीआरओ त्रिबिक्रम सेठ ने बताया कि रेल सुरक्षा आयुक्त से क्लीयरसेंस मिलने के बाद ट्रेनों को परिचालन शुरू कर लिया गया है। ये संबलपुर रेलवे की बड़ी सफलता है।
गौरतलब है कि वाल्टेयर रूट रायपुर से विशाखापट्नम पर महानदी में बने नए पुल पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो गया है। गुरूवार को रेलवे संरक्षा आयोग के इंस्पेक्शन के बाद इस नए पुल पर बने ट्रैक पर ट्रेनों के परिचालन के लिए हरी झंडी दे दी गई थी। इसके बाद गुरूवार की रात 10.45 बजे कोयले से लदी पहली मालगाड़ी को इस ट्रैक से रवाना किया गया। यह मालगाड़ी 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रैक से गुजरी। इसके बाद रेलवे की टीम ने राहत की सांस ली। इसके बाद से डाउन लाइन के इस ट्रैक को सभी गाडिय़ों के लिए ओपन कर दिया गया है।