महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 जुलाई। आपसी विवाद के चलते शुक्रवार की रात 10 बजे के आसपास श्रीराम कालोनी, स्वीपर कालोनी के पास एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस इसे आपसी रंजिश के कारण हत्या बता रही है। इस मामले में पुलिस ने कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है लेकिन समाचार लिखते तक आरोपी पकड़े नहीं गये हैं। मृतक भाजपा नेता लालू यादव का भतीजा है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक रोहित यादव 25 साल पिता पूनम यादव श्रीराम कालोनी-स्वीपर कालोनी निवासी रात को घर से अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए निकाला था। इसी दरमियान मोहल्ले के कुछ युवकों ने पुरानी आपसी रंजिश के कारण उससे वाद-विवाद की और इसी बीच उस पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की जानकारी परिजनों को होने पर रोहित यादव को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां ड्यूटी में उपस्थित डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल इस घटना की जांच सिटी कोतवाली में की जा रही है। इस घटना को लेकर मोहल्ले के कुछ युवकों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थानेदार शेर सिंह ने कहा है कि जल्द ही मामला का खुलासा हो जाएगा।