महासमुन्द
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 9 जुलाई। जिला मुख्यालय में बस ऑपरेटर संघ की ओर से गुरूवार को अनोखा प्रदर्शन किया गया। बस ऑपरेटर्स अपनी-अपनी बसें लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे। इस दौरान बस स्टैंड से लेकर कलेक्टोरेट तक बसों की रैली निकाली गई। यहां पहुंचकर ऑपरेटर्स ने अपनी मांगों को लेकर डिप्टी कलेक्टर शशिकांत कुर्रे को ज्ञापन सौंपा।
मालूम हो कि बीते 4 जुलाई को ऑपरेटर संघ ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर किराया में वृद्धि और आई फार्म की समयावधि को दो माह से अधिक बढ़ाने की मांग की थी। लेकिन संघ के इन मांगों पर विचार नहीं किया गया। इसके बाद जिला बस व मिनी बस ऑपरेटर संघ के पदाधिकारियों ने प्रदेश संगठन के आव्हान पर जिला मुख्यालय में भी संचालकों ने गुरूवार को प्रदर्शन किया।
कल दोपहर साढ़े 12 बजे बस स्टैंड से विरोध प्रदर्शन के लिए करीब 25 बसों की रैली निकाली गई। रैली बस स्टैंड से शुरू होकर अंबेडकर चौक, स्वामी चौक, नेहरू चौक, बरोंडा चौक, शास्त्री चौक होते हुए जिला कार्यालय पहुंची। इस दौरान ऑपरेटर संघ ने यात्री किराए में वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी भी की। इसमें प्रमुख रूप से जिला बस एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चंद्राकर, मिनी बस एसोसिएशन से धीरज सरफराज, दिलीप जैन, राजेन्द्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में बस संचालक संघ के पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे।
ऑपरेटर संघ की मांग है कि केंद्र सरकार की ओर से डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हो जाने के कारण बसों के संचालन में दिक्कतें आ रही है। इसलिए यात्री किराया 40 प्रतिशत बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि बस संचालकगण बढ़े हुए डीजल के मूल्य में बस का संचालन नहीं कर पा रहे हैं। पुराने मूल्य के आधार पर प्रतिदिन आय से अधिक खर्च हो रहा है। दूसरी मांग है कि बसों के निष्प्रयोग की समय सीमा केवल दो माह है, उसे समाप्त किया जाए। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के समय एक काला कानून 15 जनवरी 2009 की अधिसूचना में लाया गया था, जिसके अनुसार दुर्घटना बसों की मरम्मत यांत्रिकी खराबी के लिए बस संचालक एक वर्ष में केवल 2 माह तक अपनी बसों को निष्प्रयोग में रख सकता है। इसे समाप्त करने की मांग की जा रही है।