महासमुन्द
सुबह 5 बजे कोरबा-पुरी एक्सप्रेस रायपुर के लिए रवाना हुई
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 9 जुलाई। महानदी पर बने नए पुल डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन शुरू कर लिया गया है। आज सुबह 5 बजे कोरबा-पुरी एक्सप्रेस को डाउन लाइन से महासमुंद से रायपुर के लिए रवाना किया गया। इसके बाद सुबह 7.30 बजे अहमदाबाद.पुरी भी इसी लाइन से रवाना हुई।
गुरूवार को इंस्पेक्शन के कारण रेलवे ने 7 घंटे का ब्लॉक दिया था, जिसके चलते कई मालगाडिय़ों को अलग-अलग स्थानों पर रोककर रखा गया था। कल शाम 4 बजे रेलवे संरक्षा आयोग सीआरएस की स्पेशल ट्रेन से इस ट्रैक पर ट्रायल लिया गया। बेलसोंडा से आरंग रेलवे स्टेशन तक किए गए इस ट्रायल में ट्रेन की औसत स्पीड 120 किमी की रही। ट्रैक और इलेक्ट्रिफिकेशन दोनों में सब कुछ सही होने पर सीआरएस की टीम ने डाउन लाइन पर ट्रेनों के परिचालन के लिए अपना क्लीयरेंस दे दिया है। इसके बाद रात 8 बजे पहली मालगाड़ी इस ट्रैक से गुजरी। शुक्रवार से विशाखापट्नम की ओर से आने वाली यात्री गाडिय़ों का परिचालन भी डाउन लाइन पर शुरू कर लिया जाएगा।
इसके पहले सीआरएस की टीम ने बेलसोंडा से आरंग स्टेशन के बीच करीब 12 घंटे का समय बिताया। गुरूवार सुबह 6 बजे स्पेशल सेलून से दक्षिण.पूर्व वृत कोलकाता से रेल सुरक्षा आयुक्त एस मित्रा, संबलपुर रेल प्रबंधक प्रदीप कुमार और उनकी पूरी टीम बेलसोंडा स्टेशन पहुंची। सबसे पहले यहां स्टेशन पर बने ई रेलवे कक्ष की जांच की गई। इसके बाद टीम सडक़ मार्ग से ग्राम घोड़ारी चौक पहुंची।
वाल्टेयर रूट पर रायपुर से टिटलागढ़ तक 203 किमी में दोहरीकरण और इलेक्ट्रिफि केशन का काम साल 2012 में शुरू हुआ था। वर्तमान में टिटलागढ़ से आरंग तक काम पूरा होने के साथ ही ट्रेनों के परिचालन के लिए क्लीयरेंस मिल चुका है। रेलवे के सामने बड़ी चुनौती है कि आरंग से रायपुर का काम पूरा करना है। वर्तमान में आरंग से मंदिर हसौद तक काम जारी है, लेकिन रायपुर में अतिक्रमण के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। जानकारी के अनुसार मंदिर हसौद तक काम पूरा होने के बाद ही रायपुर की ओर हुए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। संभवत: इस साल रायपुर तक दोहरीकरण व इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा कर लिया जाएगा।
रेलवे सुरक्षा की टीम बेलसोंडा से महानदी पर बने नए ब्रिज और फिर आरंग तक दोहरीकरण और इलेक्ट्रिफिकेशन कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। ब्रिज के ऊपरी हिस्से पर सुरक्षा मानकों का अवलोन किया गया।
साथ ही ओवरहेड उपकरण, पुल, मानवयुक्त समपार, सिग्नल और दूरसंचार उपकरण, रेलवे ट्रैक आदि का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम ने अपने विशेष सेलून से खंड के दोहरीकरण और विद्युतीकरण के बाद गति का परीक्षण भी किया। आज शुक्रवार सुबह से महानदी में बने नए रेलवे ट्रैक डाउन लाइन में यात्री ट्रेनों का परिचालन शुरू कर लिया गया।