महासमुन्द

मरौद खरीदी केन्द्र का धान हाथी चट कर रहे
09-Jul-2021 5:33 PM
मरौद खरीदी केन्द्र का धान हाथी चट कर रहे

सोसायटी में एक हजार कट्टा धान पड़ा है

छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 9 जुलाई।
सिरपुर क्षेत्र के मरौद स्थित धान खरीदी केंद्र में पिछले तीन दिनों से हाथी धमक रहे हैं। हाथी रोजाना रात में या सुबह पहुंचकर फ ड़ में रखे धान को नुकसान पहुंचा रहे हैं। गुरूवार की सुबह 5.30 बजे भी दो हाथी यहां पहुंचे और फड़ में रखे करीब 4 कट्टा धान को नुकसान पहुंचाया। हाथियों के आमद की खबर मिलते ही चौकीदार ने ग्रामीणों और वन विभाग की टीम की मदद से हाथियों को खदेड़ा।

सिरपुर सोसायटी के अध्यक्ष गजाधर धीवर कहते हैं कि गुरूवार की सुबह 5.30 बजे दो हाथी केंद्र में पहुंचे। एक हाथी खरीदी केंद्र के भीतर घुस गया और दूसरा हाथी बाहर था। किसी तरह दोनों दंतैल को वहां से खदेड़ा गया। हाथियों ने स्टेक से धान गिरा दिया था। जिसे फिर से सहेजकर रखा गया। गजाधर ने बताया कि दोनों हाथी पिछले तीन दिन से लगातार आ रहे हैं।

सोसायटी अध्यक्ष ने बताया कि सोसायटी में करीब 1 हजार कट्टा धान अब तक पड़ा हुआ है। उठाव नहीं होने के कारण सोसायटी को काफी नुकसान हो रहा है। इसे लेकर कई बार पत्र लिखा जा चुका है और अधिकारियों को मौखिक जानकारी भी दी जा चुकी है।
 


अन्य पोस्ट