महासमुन्द
आरोपी फरार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जुलाई। जमीन विवाद व उधारी रुपए को लेकर हुए विवाद के कारण एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि आरोपी के घर के भीतर ही खून से लथपथ एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। मामले में पुलिस मर्ग कायम कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
घटना भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम रंगमटिया का है। भंवरपुर चौकी प्रभारी उमाकांत तिवारी ने बताया कि ग्राम रंगमटिया के रहने वाले पुनीत बरिहा ने घर में अपने ही चचेरे भाई चमरू पिता भगवान बरिहा (43) सिलबट्टे से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना सोमवार रात साढ़े दस बजे की बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि उक्त घटना की जानकारी मृतक के बेटे ने कल मंगलवार सुबह 9 बजे दी। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और जायजा लिया। मृतक का पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना के बाद से आरोपी फरार हो गया है। जिसकी पतासाजी की जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतक सोमवार रात को रुपए मांगने पुनीत के घर गया था। पुनीत अपने घर में अकेले रहता था। घर के अंदर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान पुनीत ने चमरू के ऊपर सिलबट्टे से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गया। मृतक के बेटे अख्तर बरिहा ने बताया कि सोमवार की रात पिता चमरू, पुनीत के घर पैसे मांगने के लिए गए थे। रात होने के कारण मैं उन्हें बुलाने के लिए गया तो उन्होंने कहा कि तुम जाओ मैं आता हूं। मैं वापस घर आ गया और सो गया।
चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक व आरोपी का गांव में आठ एकड़ जमीन है। जमीन दोनों के नाम पर है। हालांकि दोनों ने चार-चार एकड़ बांट लिया है। लेकिन राजस्व रिकार्ड में बटांकन नहीं हुआ है। बटांकन को लेकर आए दिन दोनों के बीच विवाद होता था। वहीं मृतक से आरोपी ने पिछले साल पांच हजार रुपए उधारी भी लिया था। मृतक पांच हजार रुपए की मांग आरोपी से कर रहा था, लेकिन आरोपी उधारी चुकाने के बजाए उसे घुमाता रहता था। बार-बार रुपए मांगने से तंग आकर आरोपी ने चमरु को मौत के घाट उतार दिया।