महासमुन्द

जल संवर्धन के लिए बनाए जा रहे चेक डैम पहली बारिश में ही पट गए
07-Jul-2021 5:39 PM
जल संवर्धन के लिए बनाए जा रहे चेक डैम पहली बारिश में ही पट गए

रिसाव तालाब भी छ: फ़ीट की जगह 3 फ़ीट !

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 7 जुलाई।
नगर के समीप देवपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत चल रहे कैम्पा मद के भूजल संरक्षण कार्यों में अनियमितता का मामला सामने आया है। जल संवर्धन के लिए बनाए जा रहे चेक डैम पहली बारिश में ही पट गए, वहीं रिसाव तालाब (परकोलेशन टैंक) भी छ: फ़ीट गहराई की जगह 3 फ़ीट में ही पूरा कर दिया गया।
देवपुर वन परिक्षेत्र के राजा देवरी क्षेत्र में कक्ष क्रमांक 256, 257 एवं 258 में कैम्पा मद से हो रहे लाखों के कार्य में लीपापोती होते देख ग्रामीणों द्वारा ‘छत्तीसगढ़’ से मामले की जानकारी दी। 
‘छत्तीसगढ़’ ने मौका मुआयना किया, तब पता चला कि उक्त क्षेत्र में कोई 2 दर्जन से अधिक गड्ढे खोदे गए है, जो कि अभी से मिट्टी के कारण भरने लगे थे। इनके बारे में ग्रामीणों ने इसे चेक डैम बताया, जिनकी लागत वहां लिखी पट्टिका के अनुसार डेढ़ से तीन लाख तक दर्ज है। इसके अलावा समीप में ही एक डबरी बनी है। इस डबरी के कार्य नाम में इसे रिसाव तालाब (परकोलेशन टैंक) बताया गया है। इसकी लागत भी 3 लाख 80 हजार रुपये दर्ज है, जबकि इस कथित टैंक की गहराई 6 फ़ीट बताई गई है। निर्माणकर्ता एजेंसी द्वारा इस टैंक को बनवाने में तीन फीट का गड्ढा खोद कर इसके चारों ओर तीन फीट ऊंची मिट्टी लगाई गई है जिससे यह मिट्टी से जमीन तक छ: फ़ीट दिखाई दे रहा है।

ज्ञात हो कि वर्षा जल को संग्रहित कर उससे भू-जल भंडारण में वृद्धि के उद्देश्य से रिसाव तालाब का निर्माण किया जाता है। इस संरचना में जलग्रहण क्षेत्र के तह में पारगम्य चट्टान का होना अति आवश्यक है। इस तालाब का आकार क्षेत्र विशेष पर निर्भर करता है।

जानकारों के अनुसार उक्त जल संरक्षण के कार्य करवाने का उद्देश्य पहाड़ी की ओर से तेजी से नीचे आकर बहते पानी की रफ्तार चेक डैम बना कर कम किया जाना है। इसके बाद यह पानी परकोलेशन टैंक में चला जाता है, जिससे भू जल संरक्षण में मदद मिलती है। परन्तु उक्त डेम एवं टैंक ऐसे स्थान पर नाम मात्र के बनाये गए हंै। परकोलेशन टैंक भी बरसात में भी सूखे ही दिखाई देते हैं, जिससे इसके औचित्व पर ही प्रश्न चिन्ह लग रहा है।

कैम्पा मद का दुरुपयोग
कैम्पा मद मूलत: केंद्र सरकार द्वारा बनाया गया है। वन विभाग के कार्यों एवं मद के जानकार कुछ ग्रामीणों ने बताया कि कैम्पा मद वनभूमि को ग़ैरवानिकी कार्यों के लिए दिए जाने के एवज में संबंधित विभाग या संस्था निर्धारित धनराशि जमा करता है। ये धनराशि केंद्र के कैम्पा मद में जमा होती है। चूंकि इससे वनों को नुकसान पहुंचता है। लिहाजा वनों की क्षतिपूर्ति हेतु नुकसान हुए वनों से दुगुने क्षेत्र में वनीकरण आवश्यक है। इसके लिए केंद्र द्वारा कैम्पा मद की निर्धारित धनराशि राज्यों को वनीकरण हेतु देता है। नियमानुसार इस मद की 80 से 90 फीसदी राशि वन लगाने या वनों के विकास में लगाई जानी होती है, शेष 10 से 20 फीसदी राशि ही जल संरक्षण भवन एवं सडक़ आदि में खर्च की जा सकती है। परन्तु अपनों को लाभ देने की नीति से कैम्पा मद की राशि का दुरुपयोग होने लगा है। इस दुरुपयोग का भविष्य में पर्यावरण पर गहरा असर पडऩे से इंकार नहीं किया जा सकता क्योंकि विभाग वन की कटाई तो कर रहा है परन्तु कटे जंगलो में नए वृक्षारोपण कर उसकी देखरेख की बजाय मिट्टी के कार्य मे ज्यादा ध्यान दे रहा है। 

इस संबंध में जानकर बताते हैं कि मिट्टी के कार्य एक बरसात में ही समाप्त हो जाते हैं और उनके निर्माण में लगे करोड़ों रूपये के कार्यों के होने नहीं होने के प्रमाण भी नष्ट हो जाते हंै। लिहाजा ऊपर से नीचे स्तर तक जमीनी मिट्टी कार्य ही अधिक स्वीकृत किया एवं करवाया जाता है। ऐसे मामलों में केंद्र सरकार को संज्ञान लेना चाहिए जिससे पर्यावरण से खिलवाड़ रोका जा सके।

प्रभारी मोबाइल से बात नहीं करते
उक्त मामले में वन विभाग का पक्ष लेने के काफी प्रयास किये गए परन्तु अफसर इस संबंध में कोई बात करने के लिए भी तैयार नही है। देवपुर के डिप्टी रेंजर एवं वर्तमान में प्रभारी रेंजर पंच राम यादव से सम्पर्क के अनेक प्रयासों के बाद भी उनसे संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद उनके व्हाट्सएप्प पर मैसेज भेज कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया परन्तु श्री यादव ने मैसेज पढऩे के बाद भी इसका कोई जवाब नहीं दिया। 
 


अन्य पोस्ट