महासमुन्द
महासमुंद, 7 जुलाई। छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ.सियाराम साहू कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने बेमचा के एक ही परिवार के मां सहित 5 बच्चियों की सामूहिक आत्महत्या करने वाले के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मृतका के ससुर ने बताया कि उनके दो पुत्र में से बड़े बेटे की मौत कुछ सालों पहले हो गई। बड़े बेटे की तीन बेटी है और केजूराम की 5 बेटियां थीं। आत्महत्या मामले में केजूराम को पुलिस ले गई। अब बड़ी बहू को भी पूछताछ के लिए रायपुर महिला थाना ले गई है। आयोग अध्यक्ष डॉ.साहू ने वहां मौजूद अफसरों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलवाने को कहा। साथ ही डॉ.साहू ने बुजुर्गों को पेंशन, खाद्यान्न मुहैया कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष प्रहलाद रजक, सभापति संदीप घोष, भाऊराम साहू, अरूण साहू, सरपंच, उप सरपंच देवेन्द्र चंद्राकर, तहसीलदार प्रेमू साहू, एसडीओपी पुलिस, पटवारी, सचिव सहित ग्रामीण जन मौजूद थे।