महासमुन्द

खेत के बीच बने मकान में शराब फैक्ट्री
06-Jul-2021 5:06 PM
खेत के बीच बने मकान में शराब फैक्ट्री

7 ड्रम में महुआ शराब भरा मिला, किया नष्ट 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 6 जुलाई।
पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में पुलिस ने अवैध रूप से तैयार किए जा रहे शराब की फैक्ट्री में छापामार कार्रवाई की है। पुलिस ने यहां से 2100 लीटर महुआ शराब जब्त किया है। यहां 300 लीटर वाले 7 ड्रम में महुआ शराब भरा मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट किया है। पुलिस जब घटना स्थल पर पहुंची तो शराब निर्माण करने वाले भाग खड़े हुए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर ने बताया कि ग्राम पचरी में बड़ी मात्रा में शराब निर्माण की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस की एक टीम सोमवार को मौके पर पहुंची। यहां खेतों के बीच बने एक मकान में अवैध रूप से फैक्ट्री का संचालन हो रहा था। टीम जब पहुंची तो वहां ताला लगा हुआ था।

ग्रामीणों की मदद से मकान का दरवाजा तोड़ा गया तो भीतर पूरी फैक्ट्री मिली। यहां करीब 2100 लीटर महुआ शराब और महुआ मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है। खेत और मकान किसका है, इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। क्षेत्र के पटवारी से प्रतिवेदन मंगाया गया है। प्रतिवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 


अन्य पोस्ट