महासमुन्द
महासमुंद, 5 जुलाई। पूरे 125 दिनों बाद रविवार को जिले में कोरोना का एक भी केस सामने नहीं आया। पांच महीने पहले 27 फरवरी का दिन ऐसा था, जब जिले में कोरोना का एक भी केस नहीं आया था। कहा जा रहा है कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की रफ्तार अब पूरी तरह से समाप्त हो गई है।
रविवार की स्थिति में महासमुंद जिले में एक्टिव केस की संख्या केवल 46 है। जिले में अब तक कोरोना के कुल 31 हजार 172 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 30 हजार 768 पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और मौतों की संख्या 358 है। कोरोना के केसेस कम होते ही अब अस्पतालों के बेड भी खाली होने लगे हैं।
आज सोमवार की स्थिति में जिले के कुल 22 अस्पतालों (शासकीय+निजी) के कुल 847 बेड में से 844 पूरी तरह से खाली हैं और केवल 3 मरीजों का इलाज जारी है। इन अस्पतालों में आईसीयू, एचडीयू और वेंटीलेटर बेड में कोई भी मरीज भर्ती नहीं है। डिस्ट्रिक सर्विलांस अफसर डॉ.छत्रपाल चंद्राकर ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप समाप्त हो चुका है। लेकिन इसकी खुशी मनाने से ज्यादा हमें सतर्क रहने की आवश्यकता है। क्योंकि अभी कोरोना संक्रमण कम हुआ है, पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है।