महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जुलाई। सरायपाली थाना क्षेत्र के संतपाली में 27 वर्षीय युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक बुजुर्ग व अधेड़ शामिल हैं। घटना 25 जून की है। दोनों ने मृतक पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर दिया था। इससे युवक को गंभीर चोटें आई थी और उसका घर पर ही इलाज जारी था, लेकिन शुक्रवार सुबह 11 बजे युवक ने घर पर ही दम तोड़ दिया।
इसके बाद युवक के पिता ने थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस को जब मामले की सूचना मिली तो उसने दोनों आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपियों से हत्या के संबंध में पूछताछ कर रही है। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी वीणा यादव के मुताबिक ग्राम संतपाली के ठंडाराम पिता मेहत्तर राम (27) की हत्या के आरोप में गांव के संतराम भोई (60) एवं तुलासिंह (55) को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में पता चला है कि दोनों ने पास में रखे पत्थर से मृतक पर ताबड़तोड़ वार किया था।
पुलिस ने जानकारी दी कि घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था और शुक्रवार 1 जुलाई की सुबह उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मौत की जानकारी पुलिस को देर शाम मिली। सूचना मिलते ही मर्ग कायम किया गया और आरोपी को गांव से ही हिरासत में लिया गया।
मृतक के पिता मेहत्तर सिदार ने बताया कि शुक्रवार 25 जून को मेरा बेटा ठंडाराम घर के बाहर खड़ा हुआ था। संतराम और तुलासिंह भी सडक़ पर ही खड़े थे। इसी बीच बातचीत के दौरान ठंडाराम ने संतराम से कहा कि आजकल तुम मेरे साथ नहीं बल्कि तुलासिंह के साथ घूमते रहते हो। इतनी सी बात पर संतराम और तुलासिंह दोनों भडक़ गए और लात-घूसों से ठंडाराम की पिटाई शुरू कर दी। संतराम ने पास ही पड़े पत्थर से ठंडाराम पर वार कर चोट पहुंचाया।
आरोपियों से पूछताछ और परिजनों के बयान में जो बातें सामने आई हैं, उसके अनुसार घटना 25 जून दोपहर की है। चोट के बाद रात में ठंडाराम की तबीयत बिगड़ गई तो उसे शासकीय अस्पताल बसना ले गए। यहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच की और उसे किसी बेहतर अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन ठंडाराम को बसना के ही एक निजी अस्पताल ले गए। लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर ले जाने की सलाह दी। लेकिन परिजन उसे रायपुर न ले जाकर वापस घर ले आए। घर पर ही मेडिकल से दवा और मरहम पट्टी लेकर इलाज करने लगे। आखिरकार शुक्रवार की सुबह 11 बजे ठंडाराम की तबीयत बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया।