महासमुन्द

बारात से पहले नाबालिग दुल्हन के घर पहुंची टीम
03-Jul-2021 6:12 PM
बारात से पहले नाबालिग  दुल्हन के घर पहुंची टीम

बालिग होते तक के लिए रुकी शादी 

महासमुंद, 3 जुलाई। परिजनों ने लडक़ी के बालिग होने के पहले ही वर खोज लिया और शादी तय हो गई। लेकिन अगले चार महीने शादियों पर लगने वाले ब्रेक के कारण परिजन लडक़ी के बालिग होने के एक महीने पहले ही शादी कराना चाह रहे थे। सभी तैयारियां हो गई थी और शादी की रस्में पूरी कर ली गई थी। आज शनिवार को बारात आने वाली थी। 

परिजन दूल्हे और बारातियों के स्वागत की तैयारी में लगे थे, लेकिन बारात के स्वागत के पहले ही शुक्रवार को महिला बाल विकास विभाग की टीम लडक़ी के शादी वाले घर पहुंच गई। टीम ने शादी रुकवाई और परिजनों के साथ वर पक्ष को बुलाकर समझाया कि लडक़ी बालिग हो जाए,इसके बाद आप धूम-धाम से विवाह संपन्न कराएं। इसके बाद वर वधु दोनों पक्षों से बातचीत हुई और पक्ष टीम की बात पर सहमत हो गये। 

महिला बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी मनोज सिन्हा ने बताया कि जिला बाल संरक्षण अधिकारी खेमराज चौधरी के द्वारा सूचना मिली कि बिरकोनी में एक नाबालिग लडक़ी का विवाह परिजन करा रहे हैं, 3 जुलाई को बारात आने वाली है। सूचना पर सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक व पुलिस की टीम गांव पहुंची और नाबालिग के परिजनों से चर्चा कर शादी नहीं करने की समझाईश दी।  इस दौरान परिजनों ने टीम को बताया कि बालिग होने में एक महीना शेष है। बीस जुलाई के बाद मुहूर्त नहीं है। इसके लिए चार महीने इंतजार करना होगा।
 


अन्य पोस्ट