महासमुन्द

चार महीने से बंद साक्षरता अभियान शुरू
02-Jul-2021 5:46 PM
चार महीने से बंद साक्षरता अभियान शुरू

महासमुंद, 2 जुलाई। पिछले चार महीने से बंद साक्षरता अभियान की शुरुआत जिले में एक जुलाई से हो गई है। इस अभियान के तहत अब असाक्षरों को साक्षर बनाया जाएगा। जानकारी के अनुसार कल 1 जुलाई से इस अभियान को शुरू करने का आदेश राज्य के साक्षरता विभाग ने जारी की थी। इसी आदेश के तहत जिले से लगे ग्राम बेमचा सहित एक दो गांव में अभियान शुरू भी हो गया है। जिले के सभी गांवों में इस अभियान को जल्द ही शुरू किया जाएगा।

मालूम हो कि कोरोना संक्रमण के चलते पिछले चार महीनों से पढऩा लिखना अभियान बंद हो गया था। इस योजना के तहत जिले के करीब 10 हजार असाक्षरों को साक्षर बनाने का लक्ष्य जिले को मिला है। इसके तहत असाक्षरों को पढ़ाना व लिखना सिखाना है। इसमें बालकों के साथ उनके पालकों को साक्षर बनाया जाएगा। योजना के तहत 15 वर्ष से अधिक उम्र के सभी असाक्षरों को जोड़ा जा गया है, ताकि वे बुनियादी शिक्षा प्राप्त कर सकें। जिले में अभियान की शुरुआत जल्द ही वृहद रूप से होने वाली है। अधिकारी आदेश के बाद इसकी तैयारी में जुट गए है। साक्षरता मिशन के जिला सदस्य सचिव व जिला शिक्षा अधिकारी रार्बट मिंज ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण अभियान रुक गया था। अब फिर से साक्षर बनाने का अभियान 1 जुलाई से शुरू हो गया है। 60 दिन में 120 घंटे का मोहल्ला साक्षरता केंद्र में असाक्षरों को पढऩा, लिखना सिखाया जाएगा। मार्च में इसकी शुरूआत हुई थी, लेकिन कोरोना संक्रमण की वजह से बंद हो गई थी। विभागीय जानकारी के अनुसार मोहल्ला साक्षरता केंद्र के लिए जिले के 998 साक्षरता केंद्रों के लिए 104 संकुल समन्वयक को प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही 129 ग्राम पंचायत प्रभारी तथा 83 नगरीय निकाय के प्रभारी नियुक्त किया गया है। इनके माध्यम से मानिटिरिंग कर मोहल्ला साक्षरता केंद्र का संचालन किया जाएगा। ग्राम बेमचा में इसकी शुरूआत हो गई है। अनुदेशक संतोषी वर्मा मास्टर ट्रेनर खोमिन साहू के द्वारा गांव के असाक्षरों को पढऩा व लिखना सिखा रहे हैं।

 


अन्य पोस्ट