महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 29 जून। विकासखंड पिथौरा में राज्य शासन की महत्वपूर्ण नरवा गरवा घुरवा बाड़ी योजना के तहत गौठान समिति के लिए छत्तीसगढ़ कलार समाज पिथौरा से तीन लोगों का मनोनयन किया गया। कलार समाज के तीन व्यक्तियों का मनोनयन वन विकास निगम के अध्यक्ष एवं बसना विधायक व पूर्व मंत्री राजा देवेंद्र बहादुर सिंह एवं संसदीय सचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव की अनुशंसा पर महासमुंद जिला के प्रभारी मंत्री के अनुमोदन पश्चात किया गया ।
ज्ञात हो कि राज्य शासन द्वारा जारी निर्देश अनुसार प्रत्येक गौठान में एक गौठान समिति का अध्यक्ष होगा, जिसके तहत ग्राम सरकड़ा गौठान समिति अध्यक्ष हेतु रामायण सिन्हा, लहरौद गौठान समिति अध्यक्ष लोकनाथ डड़सेना एवं अंसुला गौठान समिति अध्यक्ष के लिये गनपत डड़सेना का मनोनयन किया गया है। कलार समाज पिथौरा के तीनों प्रमुख व्यक्तियों के मनोनयन पर कलार समाज सेवा मंच ने विधायक द्वय राजा देवेंद्र बहादुर सिंह एवं द्वारकाधीश यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त तीनों अध्यक्ष रामायण सिन्हा, लोकनाथ डड़सेना एवं गनपत डड़सेना को बधाइयां दी है।
इन नियुक्तियों के बाद एक स्वागत कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रेम सिन्हा ने तीनों ही मनोनीत अध्यक्षों का स्वागत करते हुए मनोनयन के लिए विधायकों एवं जिले के प्रभारी मंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया है। समाज के प्रमुखों एवं पदाधिकारियों द्वारा सभी मनोनीत सदस्यों को बधाई दी है।