महासमुन्द

इस साल भी नहीं खुल रहे स्कूल
28-Jun-2021 8:43 PM
 इस साल भी नहीं खुल रहे स्कूल

  मोहल्ला क्लास-लॉउडस्पीकर से पढ़ेंगे बच्चे     

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 जून। पिछले साल की तरह इस साल भी मोहल्ला क्लास गांवों में लगेगी। आगामी 1 जुलाई से नए शिक्षा सत्र की पढ़ाई शुरू होने वाली है, लेकिन इस बार क्लास में आने वाले बच्चों की बराबर मॉनिटिरिंग शिक्षकों द्वारा की जाएगी। इस बार मोहल्ला क्लास में पढऩे आने वाले बच्चों की रजिस्ट्रर में एंट्री होगी। इसी एंट्री को पोर्टल में भी अपलोड किया जाएगा। इसके बाद प्रतिदिन क्लास में उपस्थिति शिक्षक लेंगे। जितने बच्चों क्लास में उपस्थित होंगे उसके प्रतिदिन का रिकार्ड पोर्टल में एंट्री होगा। इन बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों की ड्यूटी प्रतिदिन रोटेशन से लगेगी एवं विषयवार शिक्षकों की भी ड्यूटी रोटेशन के आधार पर लगाई जाएगी।

इस बार मोहल्ला क्लास में शिक्षक पढ़ाई कराने के बाद महीने के अंत में टेस्ट लेंगे। यह टेस्ट हर महीने पढ़ाई कराने के बाद अंतिम में लिया जाएगा। इसकी रिपोर्ट कार्ड तैयार कर उसे स्थानीय स्तर पर रखा जाएगा। संज्ञानात्मक व सह संज्ञानात्मक एसेसमेंट रिकार्ड तैयार कर पालकों को इसका समय-समय पर अवलोकना करना होगा। मोहल्ला क्लास के अलावा पढ़ाई के लिए लॉउडस्पीकर व बूल्टू के गोठ जैसे तरीकों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ सेतु अभियान के तहत एक महीने बच्चों के पूर्व कक्षा के विषय का ज्ञान भी दिया जाएगा।

सार्वजनिक स्थलों का चयन सहित पढ़ाई को लेकर सारी तैयारियों के आदेश प्राचार्यों को मिल गया है। जल्द ही जिले के करीब दो लाख बच्चे ऑनलाइन, मोहल्ला क्लास में संचालित होने वाले क्लास में पढ़ाई करते दिखेंगे। मालूम हो कि परसों शनिवार देर रात वर्ष 2021-22 का शिक्षा सत्र शुरू करने का आदेश लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त ने जारी कर दिये हेै। नए शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के बाद पढ़ाई शुरु नहीं होने से शिक्षक, पालक व बच्चे परेशान थे। वे पढ़ाई किसके माध्यम से होगी, इसके इंतजार में थे।

अब उनका इंतजार खत्म हो गया है और जल्द ही पढ़ाई शुरू होने वाली है। परसों जारी आदेश के बाद स्पष्ट हो गया है कि इस साल स्कूल नहीं खुलेंगे। बच्चे इसी माध्यम से पढ़ाई जारी रखेंगे। विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन का कहना है कि नए शिक्षा सत्र में पढ़ाई शुरू करने का आदेश आ गया है। एक जुलाई से सभी ब्लॉकों में मोहल्ला क्लास, बुल्टू के गोठ व ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई शुरू कराई जाएगी । आदेश के तहत प्राचार्यों ने तैयारियां शुरू कर दी है। पिछले साल की तरह इस साल भी सभी बच्चों की पढ़ाई इसी माध्यम से कराई जाएगी ।

गौरतलब है कि पिछले साल शिक्षा सत्र में 6909 शिक्षकों ने ऑनलाइन ली थी। इसमें 93 हजार 948 बच्चों ने अपना पंजीयन कराया था। शिक्षकों ने कुल 2 लाख 17 हजार 400 क्लासेस लिए थे। जिसमें 18 हजार 282 बच्चों ने पढ़ाई की थी। इसके अलावा पढ़ाई तुहर दुआर में फोटो 256 फोटो, 82 वीडियो, लाउडस्पीकर से पढ़ाई 28 व वीडियो 19, बुल्टू के गोठ फोटो 34 व वीडियो 12 बच्चों को भेजी गई थी । इसमें करीब 1352 शिक्षकों का योगदान था। इसके अलावा मोहल्ला क्लास में करीब डेढ़ लाख बच्चों ने पढ़ाई की थी ।


अन्य पोस्ट