महासमुन्द
कॉलेज के लिए आवश्यक शर्तों को पूरा नहीं किया जाना चिंताजनक, इसके चलते ही मान्यता नहीं मिली-सांसद सर्वसुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज निर्माण का काम शुरू हो चुुका है- संसदीय सचिव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जून। महासमुंद मेडिकल कॉलेज की मान्यता इस वक्त अधर में हैं और इसमें श्रेय लेने के लिए एक बार फिर से राजनीति शुरू हो गई है। महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू ने रविवार को एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर राज्य सरकार पर लापरवाही और नेशनल मेडिकल कमीशन को गलत जानकारी देने का आरोप लगाया है।
सांसद का कहना है कि मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक शर्तों को पूरा नहीं किया जाना चिंताजनक है। इसके चलते ही महासमुंद के कॉलेज को मान्यता नहीं मिल पाई है। ठीक इसके विपरीत विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर का कहना है कि राज्य सरकार मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर प्रयासरत हैं। संसदीय सचिव श्री चंद्राकर का कहना है कि पूर्व में भेजे गए पत्र में कुछ लिपिकीय त्रुटियां थी, जिसे सुधारकर नियमानुसार पूरा कर लिया गया है। हर हाल में 325 करोड़ की लागत से सर्वसुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज का निर्माण महासमुंद में होना है। मेडिकल कॉलेज के लिए पहली किस्त जारी होने के साथ ही सेटअप व मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के लिए हॉस्पिटल का निर्धारण भी हो गया है। अनुपूरक बजट में भी राशि का प्रावधान किया गया है।
रविवार को महासमुंद के सांसद चुन्नीलाल साहू ने प्रेसवार्ता में कहा कि राज्य सरकार की लापरवाही के कारण महासमुंद का मेडिकल कॉलेज शुरू नहीं हो पा रहा है। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में 330 बेड का होना जरूरी है। जबकि राज्य सरकार द्वारा भेजी गई जानकारी के अनुसार महासमुंद में 210 बेड उपलब्ध है। एनएमसी के नियमों को पूरा नहीं कर पाने के कारण ही महासमुंद मेडिकल कॉलेज को मान्यता नहीं मिल पाई है। सांसद ने कहा कि हम मेडिकल कॉलेज शुरू करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से मुलाकात की जाएगी। साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन से भी मुलाकात कर जल्द से जल्द मेडिकल कॉलेज शुरू कराने की मांग की जाएगी। हमने इस मामले की तहकीकात की तो पता चला कि शुरूआत में एनएमसी को भेजी गई जानकारी के अनुसार 169 बेड का उल्लेख किया गया है।
उन्होंने कहा कि एनएमसी की ओर से इस संबंध में पत्र आया तो 4 जून 2021 को मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से दोबारा पत्र भेजकर यह भी बताया गया कि कोरोना संक्रमण के कारण अस्पताल के एक हिस्से को कोविड अस्पताल बनाया गया है, जिसमें 164 बेड की सुविधा है।
इस मामले में श्री लाल चंद्राकर ने कहा कि नेशनल मेडिकल कमीशन के नाम्र्स को पूरा करने के साथ ही एनएमसी के सचिव को पत्र भेज दिया गया है। इसमें डिपार्टमेंट वाइज बेड की पूरी जानकारी है। सरकार मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भेजे गए पत्र में कुछ लिपिकीय त्रुटियां थी, जिसे सुधारकर नियमानुसार पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा है कि हर हाल में 325 करोड़ की लागत से सर्वसुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज का निर्माण महासमुंद में होना है। मेडिकल कॉलेज के लिए पहली किस्त भी जारी होने के साथ ही सेटअप व मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के लिए हॉस्पिटल का निर्धारण भी हो गया है। अनुपूरक बजट में भी राशि का प्रावधान किया गया है। यही नहीं महासमुंद और कोरबा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकीय उपकरण क्रय के लिए 26 करोड़ तथा भवन निर्माण के लिए 4 करोड़ कुल 30 करोड़ का प्रावधान किया है।
महासमुंद व कोरबा में नवीन पदों के सृजन, स्थापना व अन्य व्यय के लिए 324.60 लाख का प्रावधान किया गया है।
