महासमुन्द
कोई भी वैद्य दस्तावेज नहीं, मामला आयकर के हवाले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जून। सिंघोड़ा पुलिस ने राष्ट्रीय राजामर्ग-53में अंतरराज्यीय बैरियर रेहाटीखोल के पास एक कार से 37 लाख 28 हजार 900 रुपए कैश बरामद कर दो लोगों को पकड़ा है। दोनों महाराष्ट्र के कोल्हापुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे चांदी का कारोबार करते हैं और चार राज्यों में चांदी बेचने के बाद रकम लेकर वापस जा रहे थे। हालांकि दोनों कैश के संबंध में या चांदी बिक्री के बारे में कोई भी वैद्य दस्तावेज नहीं दिखा पाए। यही कारण है कि सिंघोड़ा पुलिस ने 102 के तहत रकम जब्त कर आयकर विभाग को जानकारी दे दी है।
इस तरह अब इस मामले में इतना कैश कहां से आया और ये लोग कहां लेकर जा रहे थे, इसकी जांच आयकर विभाग करेगी। थाना प्रभारी चंद्रकात साहू ने बताया कि रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में कैश का परिवहन हो रहा है। सूचना पर तत्काल रेहाटीखोल चेकपोस्ट पर जांच टीम को एक्टिव किया गया। पुलिस की टीम सभी वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान यह कार चेक पोस्ट के पास से तेजी से गुजरी। कार में केवल दो व्यक्ति सवार थे, लेकिन पीछे का टायर दबा हुआ था। गाड़ी में भारी सामान लोड होने के संदेह में टीम ने कार का पीछा किया और ओवरटेक कर रोका। पूछताछ के दौरान कार सवार व्यक्ति ने अपना नाम पीतांबर शिवाजी माने, 46 वर्ष और अविनाश सिंगारेे 36 वर्ष दोनों हुपरी कोल्हापुर महाराष्ट्र निवासी बताया। पुलिस ने कार की डिक्की चेक की, लेकिन उसमें कुछ नहीं मिला। तभी पुलिस की नजर पीछे सीट पर पड़ी जिसमें चेंबर बना हुआ था। चेंबर में मोबाइल टार्च के माध्यम से झांक कर देखा तो उसमें भारी मात्रा में कैश दिखा। इसके बाद कैश व गाड़ी को जब्त कर थाने लाया गया।
पकड़े गए व्यक्तियों ने पुलिस को बताया कि वे चांदी के कारोबारी हैं और अलग-अलग राज्यों में जाकर चांदी बेचने का काम करते हैं। सप्ताहभर से वे छत्तीसगढ़ सहित झारखंड, बिहार और ओडिशा में जाकर चांदी बेचा है। जब व्यापार के संबंध में दस्तावेज मांगे गए तो दोनों कोई जवाब नहीं दे पाए।
गौरतलब है कि सिंघोड़ा पुलिस ने ही पिछले साल अप्रैल महीने में 1.13 करोड़ कैश जब्त किया था। पुलिस ने ठीक इसी तरह रेहाटीखोल चेकपोस्ट पर ओडिशा की कार से 1 करोड़ 12 लाख 90 हजार 200 रुपए जब्त किया था। उस दौरान भी पकड़े गए युवकों ने बताया था कि वे सोने-चांदी का काम करते हैं और आभूषण बेचकर वापस जा रहे हैं।