महासमुन्द
पिथौरा, 27 जून। विकासखंड का दूरस्थ ग्राम जगदीशपुर पहला पूर्ण टीकाकरण ग्राम बन गया है। यहां के 18-44 वर्ष के आयु वर्ग के शत प्रतिशत पात्र लोगों ने कोरोना टीका लगवा लिया है।
एसडीएम राकेश कुमार गोलछा ने बताया कि जगदीशपुर विकासखण्ड का पहला ग्राम है, जहां की शत प्रतिशत पात्र लोगों ने वैक्सीन ली है। जगदीशपुर की कुल आबादी 1028 है । इसमें से 18-44 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों की संख्या 451 है। इसमें से 36 व्यक्ति जो शिशुवती, गर्भवती, गंभीर रूप से बीमार और ग्राम से बाहर हैं, उनको छोड़ कर शेष 405 लोगों का टीकाकरण कर लिया गया है । इस प्रकार 18-44 वर्ष की आयु के ग्राम में उपलब्ध सभी पात्र व्यक्तियों का टीकाकरण कर लिया गया है।
जगदीशपुर के ग्रामीणों की जागरूकता पर श्री गोलछा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने बताया कि अब जल्द से जल्द पूरे क्षेत्र को कोविड से सुरक्षा देने वैक्सीन दी जा रही है। इस ग्राम में टीकाकरण हेतु जनता को जागरूक बनाने मे गाँव के पंचायत प्रतिनिधियों, पटवारी, सचिव, मितानिन, आगनबाड़ी कार्यकर्ता, कोटवार और रोजगार सहायक का विशेष योगदान रहा।