महासमुन्द
सब्जी बाजार सोमवार बंद, बाकी दिनों में खुली रहेंगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 जून। महासमुंद शहर के व्यापारी अब रविवार को अपनी दुकान खोल सकेंगे। अब रविवार के स्थान पर पहले की तरह ही शुक्रवार को शहर की सभी दुकानें बंद रहेगी और रविवार को खुलेगी। व्यापारियों की मांग पर नगर पालिका की ओर से यह निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के कारण अप्रैल से लेकर मई तक टोटल लॉकडाउन था। वहीं मई महीने से एक-एक कर व्यापारियों को राहत दी जाने लगी और अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन इस बीच प्रशासन ने रविवार को टोटल लॉकडाउन लगाया था। अब चूंकि संक्रमण एकदम कम हो चुका है। अत: ऐसे में व्यापारियों ने फि र से रविवार को दुकान खोलने और शुक्रवार को साप्ताहिक बंद रखने की मांग की।
इस संबंध में व्यापारियों ने नगर पालिका को एक ज्ञापन भी सौंपा है। चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शंभू साहू ने बताया कि रविवार को पूर्ण रूप से बंद रहने से व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रविवार को रायपुर पूरी तरह से बंद रहता है और बैंक भी बंद होते हैं। महासमुंद के व्यापारी खरीदी के लिए रायपुर पर निर्भर रहते हैं, ऐसे में उन्हें परेशानी हो रही थी। वहीं रविवार को बैंक बंद होने के कारण व्यापारियों के बैंकिंग संबंधी कार्य भी प्रभावित हो रहे थे। यही कारण है कि हमने नगर पालिका से पूर्व की तरह ही शुक्रवार को साप्ताहिक बंद शुरू करने की मांग की थी जिस पर पालिका ने सहमति जताई है।
चेंबर ऑफ कॉमर्स की मांग के पश्चात नगर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने कलेक्टर डोमन सिंह से चर्चा कर व्यापारियों की मांग से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने भी अपनी सहमति जताई है। प्रकाश चंद्राकर ने बताया कि अब शुक्रवार को गुमास्ता एक्ट के तहत दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेगी। रविवार को दुकानें खोली जाएगी। नियमों का पालन नहीं करने पर दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी। कल शुक्रवार को ही शहर में इस संबंध में लाउड स्पीकर के माध्यम से भी सूचना दे दी गई है। हालांकि सब्जी बाजार शुक्रवार को खुलेगी और सोमवार को साप्ताहिक बंद के तहत बाजार बंद रहेगा।