महासमुन्द
पत्नी की हालत खतरे से बाहर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 जून। कल तडक़े अपनी पत्नी की बड़ी बहन (डेढ़ सास )को चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर देने का आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस की टीमें जिले के सभी दिशाओं में उसकी तलाश कर रही है। नजदीकी जिले की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया है। इस घटना में घायल आरोपी की पत्नी की हालत खतरे से बाहर है।
एसडीओपी नारद सूर्यवंशी के मुताबिक आरोपी 45 वर्षीय नंदकुमार ध्रुव ने चम्पी नाम की महिला से 18 साल पहले प्रेम विवाह किया था। उनका 16 साल का एक बेटा है। वह अपने परिवार के साथ महासमुंद के नयापारा में रहता था। रोज शराब पीकर परिवार से विवाद करता था। कल रात भी पत्नी से विवाद हुआ तो पत्नी चम्पी अपने बेटे के साथ अपनी बड़ी बहन चम्पेश्वरी के घर चली गई थी। रात भर पत्नी और बेटा घर नहीं लोटे तो आरोपी नशे में धुत्त होकर सुबह 6 बजे अपनी डेढ़ सास के घर पहुंचा और पत्नी से गाली गलौच, मारपीट करने लगा। उसने चाकू निकाल कर पत्नी पर वार किया तो डेढ़सास चम्पेश्वरी बीच बचाव करने लगी।
आरोपी इससे और बौखला गया और डेढसास चम्पेश्वरी के गर्दन और पेट में ताबड़तोड़ वार कर वहां से रेल पटरी के रास्ते जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दोनों बहनों को अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने डेढसास चम्पेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। जबकि आरोपी की पत्नी चम्पी का इलाज जारी है और आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है।