महासमुन्द

भाजपा कार्यालय में घुसा सांप 10 दिनों बाद पकड़ाया
22-Jun-2021 7:42 PM
 भाजपा कार्यालय में घुसा सांप 10 दिनों बाद पकड़ाया

महासमुंद, 22 जून। महासमुंद जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में  10 दिन पहले एक बड़ा सांप घुस आया था। इसके बाद से वहां पहुंचने वाले भाजपाई बाहर ही खड़े रहकर वापस लौट जाते थे। भीतर जाने की हिम्मत किसी में नहीं हुई।
 सोमवार की शाम लगभग 7 बजे भाजपा जिला पदाधिकारी प्रदीप चन्द्राकर ने एसआई विकास शर्मा को फोन लगाया। चूंकि विकास शर्मा को सांप पकडऩे में महारत हासिल है। अत: वे भाजपा कार्यलय पहुंचे और अंधेरे में ही आधे घंटे तक तलाश के बाद उन्होंने 8 फीट लम्बे सांप को पकडऩे में सफलता हासिल की। सांप के पकड़े जाने के बाद महासमुन्द के भाजपा जनों ने राहत की सांस ली है।

 विकास शर्मा ने बताया कि आठ फुट लंबा इस सांप को रैट स्नैक या धामन या धमना सांप या असोढिय़ा सांप कहते है। यह जहरीला नहीं होता, लेकिन इसके बड़े आकर के कारण यह लोगों को डरावना लगता है। चूूहों की प्रजाति को नियंत्रित करने के साथ यह किसानों का बहुत बड़ा हितैषी सांप है। 

 


अन्य पोस्ट