महासमुन्द
महासमुंद, 20 जून। महासमुंद ब्लॉक में 69 हजार 185 पशुधन में गलघोटू व एकटंगिया टीकाकरण के लिए 36 हजार 932 पशुओं का लक्ष्य निर्धारित है। इसके लिए 39 अमलों को जिम्मेदारी दी गई है। बागबाहरा ब्लॉक में गलघोंटू टीकाकरण के लिए 61 हजार 431 व एकटंगिया के लिए 32 हजार 718 पशु लक्षित है।
पिथौरा ब्लॉक में गलघोंटू के लिए 51 हजार 122 व एकटंगिया के लिए 27 हजार 187 पशुओं का टीकाकरण लक्ष्य निर्धारित है। बसना ब्लॉक में गलघोंटू के 28 हजार 626 व एकटंगिया टीकाकरण के लिए 15 हजार 270 पशु लक्षित हैं। सराईपाली ब्लॉक में गलघोंटू के 35 हजार 636 व एकटंगिया टीकाकरण के 18 हजार 893 पशुओं का लक्ष्य निर्धारित है।
मालूम हो कि जिले में 226 गौठान ग्राम हंै। जहां शत-प्रतिशत पशुओं में टीकाकरण करने लक्ष्य निर्धारित है। कलेक्टर डोमन सिंह के निर्देश पर बरसात में होने वाले गलघोंटू व एकटंगिया भूजन्य संक्रामक रोग से पशुओं को बचाने के लिए सघन टीकाकरण कार्यक्रम गत 1 जून से शुरू किया गया है। यह अभियान जून के पूरे महीने चलेगा। पशु चिकित्सा सेवाएं के उपसंचालक डा. डीडी झारिया ने बताया कि महासमुंद जिले में 75 प्रतिशत पशुओं में टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सुराजी गांव योजना गरूवा कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के गौठान ग्रामों में शत.-प्रतिशत पशुओं में टीकाकरण किया जाएगा।
गौरतलब है कि गलघोंटू बीमारी में पशु को तेज बुखार, गले में सूजन, निमोनिया, नाक से स्राव, फिर 24 घंटे के भीतर दम घुटने से 70 प्रतिशत पशुओं की मृत्यु हो जाती है। इसमें वयस्क व भैसवंशीय पशु अधिक प्रभावित होते हैं। एकटंगिया रोग से चार साल तक के उम्र के बछड़े बछिया अधिक प्रभावित होते हैं। इससे 70 प्रतिशत पशुओं की मृत्यु हो जाती है।
इस रोग में तेज बुखार, किसी भी एक पैर या कूल्हे के आसपास सूजन दबाने पर चुर्र-चुर्र की आवाज आती है। 24 घंटे के भीतर मृत्यु हो जाती है। छोटे उम्र के पशु ज्यादा प्रभावित होते हैं। ये छूतदार संक्रामक बीमारी है। इससे कृषकों को काफी आर्थिक क्षति पहुंचती है।