महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जून। हाथी के हमले से मृत दो लोगों के परिजनों को राहत पहुंचाते हुए वन विभाग ने 6-6 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। शनिवार को संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने पीडि़त परिवार के सदस्यों को क्षतिपूर्ति मुआवजा राशि के आदेश की कॉपी प्रदान की। यह राशि आरटीजीएस के माध्यम से शीघ्र ही संबंधितों के खाते में जमा कराई जाएगी।
गौरतलब है कि ग्राम अछोला निवासी रविदास पिता राजेंद्र सतनामी तथा परसाडीह निवासी मनीराम पिता रामलाल यादव की हाथी के हमले से मौत हो गई थी। बाद इसके वन परिक्षेत्र अधिकारी महासमुंद द्वारा तत्काल शव परीक्षण प्रतिवेदन के आधार पर दोनों पीडि़त परिवारों के लिए 6-6 लाख रुपए स्वीकृत की। शनिवार को संसदीय सचिव के निवास पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने पीडि़त परिवार के सदस्यों को क्षतिपूर्ति मुआवजा राशि के आदेश की कॉपी प्रदान की। जल्द ही यह राशि आरटीजीएस के माध्यम से संबंधितों पीडि़त परिवार के खाते में जमा कराई जाएगी। इस अवसर पर रेंजर सालिक राम डडसेना, परिक्षेत्र सहायक तुमगांव चुमेश साहू, राधेलाल सिन्हा, कमलनारायण साहू,चंदन भारद्वाज, राकेश कुमार धृतलहरे, रामप्रसाद यादव, दानीराम यादव सहित ग्रामीणजन मौजूद थे।
केंद्र सरकार काला धन वापस लाने में असफल
संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने केंद्र में काबिज मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार काला धन वापस लाने में असफल रही है। उल्टे भाजपा के सात साल के कार्यकाल के दौरान स्वीस बैंकों में काला धन और बढ़ गया है। जारी एक बयान में उन्होंने कहा है कि भाजपा ने वर्ष 2013 में कहा गया था कि स्विस बैंकों में जमा धन देश में आ जाएगा तो हर परिवार को 15-15 लाख मिलेंगे। लेकिन सात साल बीतने के बाद भी विदेशी बैंकों में काला धन वापस नहीं आया है। बल्कि इन सात सालों में काला धन और बढ़ गया है।