महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जून। शहर के बीचों-बीच गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच बने डिवाइडर पर लगी लाइट को जलाने की तैयारी शुरू हो गई है। सप्ताहभर के भीतर खरोरा से सितली नाले तक सडक़ वार्म लाइट हल्के पीले रंग की रोशनी से जगमगाएगी और रात में खूबसूरती की छटा बिखरेगी। सौंदर्यीकरण का काम अब अंतिम चरण पर है।
जानकारी मिली है कि ठेकेदार ने डिवाइडर पर लगे ट्यूबलर लाइट कनेक्शन की पूर्व में ही जनरेटर के माध्यम से टेस्टिंग कर ली थी। इंतजार बस ट्रांसफार्मर लगने का था और वह भी अब पूरा हो गया है। कल शनिवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों ने तहसील कार्यालय व रायपुर रोड में दो नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए। पालिका ने इसके लिए विद्युत विभाग को पखवाड़ेभर पहले ही 5 लाख 66 हजार रुपए का डिमांड ड्राफ्ट जमा कराया था।
गौरतलब है कि ग्राम खरोरा से सितली नाले के बीच डिवाइडर में 196 पोल लगे हैं। ठेकेदार को इस बीच 201 पोल लगाना है, लेकिन खरोरा के पास पुलिया का निर्माण नहीं हुआ है, इसके कारण शेष पोल निर्माण के बाद लगेगी। हर एक पोल में दो लाइटें लगी है। इस लाइट को जलाने के लिए अंडर ग्राउंड कनेक्शन लगा हुआ है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने बताया कि खरोरा से सितली नाला के बीच अब अंधेरे की समस्या से लोगों को मुक्ति मिलेगी। शनिवार को इन लाइटों को जलाने के लिए दो जगह ट्रांसफार्मर विद्युत विभाग ने लगा दिया है। अंतिम तैयारी ही शेष रह गई है, उसे भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग पर लगभग 1.61 करोड़ की लागत से विद्युत पोल व लाइट तथा 5ण्.66 लाख की लागत से ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। यह कार्य 14वें वित्त मद से किया गया है। आगामी एक सप्ताह के अंदर शहरवासियों को नेशनल हाईवे 353 रोशनी से जगमगा उठेगी।
ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान इस दौरान पालिकाध्यक्ष सहित सभापति संदीप घोष, देवीचंद राठी, रिंकू चंद्राकर, मुन्ना देवार, माधवी सिका, पार्षद महेन्द्र जैन, मीना वर्मा, कमला बरिहा, हेमलता संतोष यादव, महेंद्र सिका, विद्युत प्रभारी सीताराम तेलक आदि मौजूद थे।
मालूम हो कि बारिश व ठंड के समय में चालकों को कोहरे में परेशानी न हो इसलिए हल्का पीले रंग का वार्म लाइट लगाया गया है। ठेकेदार ने बताया कि 196 पोल में दोनों ओर करीब 392 लाइटें लगाई गई है। पुलिया निर्माण के बाद 6 खंभे और लगेंगे। लॉकडॉउन के कारण ग्राम खरोरा के पास पुलिया निर्माण का कार्य बंद हो गया था। स्लैब का निर्माण तो हो गया है, लेकिन डिवाइडर का निर्माण बाकी है।