महासमुन्द

मुंबई-हावड़ा मार्ग पर कुहरी पड़ाव के पास कांग्रेस ने किया चक्काजाम
20-Jun-2021 12:31 AM
 मुंबई-हावड़ा मार्ग पर कुहरी पड़ाव  के पास कांग्रेस ने किया चक्काजाम

   हर चीजों का दाम बढ़ा रही केंद्र सरकार- विनोद चंद्राकर   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 जून। 
महंगाई के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ  कांग्रेसजनों ने शुक्रवार को संसदीय सचिव व प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के प्रवक्ता विनोद सेवनलाल चंद्राकर की अगुवाई में प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग में कुहरी पड़ाव के पास सांकेतिक चक्काजाम कर विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

मालूम हो कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर महंगाई के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में शुक्रवार को संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर व कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर की मौजूदगी में राष्ट्रीय राजमार्ग में कुहरी पड़ाव के पास सांकेतिक चक्काजाम किया। 
इस दौरान संसदीय सचिव व प्रवक्ता श्री चंद्राकर ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 7 साल में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई। गैस सिलेंडर, पेट्रोल.डीजल के दाम, दवाइयों के दाम बढ़े हैं। गरीब और निम्न वर्ग के लोग परेशान हैं। केंद्र सरकार हर चीज के दाम बढ़ा रही है। कांग्रेस सरकार में जहां पेट्रोल 60.70 प्रति लीटर था वहीं आज बीजेपी सरकार में 100 से ऊपर पेट्रोल-डीजल पहुंच चुका है। महंगाई भी चरम पर है। इसके अलावा गैस के दाम भी दोगुने से अधिक पहुंच चुके हैं। केंद्र की मोदी सरकार महंगाई रोकने के लिए बड़े-बड़े दावे तो करती है लेकिन आज आम जनता त्रस्त है। 

कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर ने कहा कि कोरोना के बाद महंगाई भी राष्ट्रीय आपदा साबित हो रही है। पिछले डेढ़ साल से भारत की जनता कोरोना महामारी की मार झेल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अदूरदर्शी और जनविरोधी नीतियों ने कोरोना की बीमारी के समय में जीवन को और कठिन बनाया है। चाहे वह अचानक किया हुआ लॉकडाउन हो, अस्पतालों से लेकर ऑक्सीजन तक का इंतजाम हो या फिर वैक्सीन की नीति, हर जगह नरेंद्र मोदी सरकार विफल रही है।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व विधायक प्रतिनिधि दाऊलाल चंद्राकर, लक्ष्मण पटेल जिला पंचायत उपाध्यक्ष, यतेंद साहू जनपद अध्यक्ष, कृष्णा चंद्राकर उपाध्यक्ष नपा महासमुंद, त्रिलोकी राधेश्याम उपाध्यक्ष जनपद, सेवनलाल चंद्राकर, अरुण चंद्राकर,  खिलावन बघेल शहर अध्यक्ष, ढेलू राम निषाद अध्यक्ष महासमुंद, खिलावन साहू ब्लाक अध्यक्ष, थनवार यादव जोन प्रभारी के अलावा कांग्रेस के पदाधिकारी भारी तादात में शामिल हुए।

 


अन्य पोस्ट