महासमुन्द
भूपेश सरकार के ढाई साल पूरे होने पर आप के कार्यकर्ताओं ने गौठानों का किया निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 जून। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी कि 17 जून को राज्य में भूपेश बघेल सरकार के ढाई साल पूरे हो गए हैं और सरकार का दावा है कि इस अवधि में सरकार ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और प्रदेश की जनता सरकार के कामकाज से खुश हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी ने कहा है कि पहले गोधन न्याय योजना अंतर्गत बने गौठनों का रियलिटी चेक किया जाए। कल जिले में आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गौठानों का औचक निरीक्षण किया और पाया कि गौठान बेहद बदहाल स्थिति में हैं। गौठानों में कहीं गोबर खरीदी बंद है, कहीं गोबर का भुगतान ही नहीं हुआ है। किसी गौठान में कुछ काम हो भी रहा है। वहां स्व सहायता समूहों को जो कमाई हो रही है उससे उनको मजदूरी जितनी राशि भी नहीं मिल पा रही है।
महासमुंद जिले के आम आदमी पार्टी के विधानसभा उपाध्यक्ष संजय यादव, मनीराम साहू,मधु यादव, सकील खान, संतोष चन्द्राकर, भीखम साहू, सेवाराम साहू, मीनाक्षी ठाकुर, भूषण सिन्हा, पुनाराम निषाद ने मौके पर जमीनी पड़ताल कर बताया कि अधिकांश जगहों पर गौठनों, वर्मी कम्पोस्ट टांकों के लिए बने शेड टूटने फूटने लगे हैं। खाद खुले में पड़ा हुआ है। वर्मी कंपोस्ट के उत्पादन के दौरान जो तकनीकी सावधानियां रखी जानी चाहिए उसका इंतजाम भी अधिकांश जगहों पर दिखाई नहीं दे रहा है और 20-25 लाख रुपयों का निवेश वृक्षारोपण, गौठान और टांकों पर किया जा चुका है। इतनी भारी भरकम राशि खर्च करने का औचित्य क्या है? जिले के हर ब्लॉक में महज 2-3 पंचायतों में इस योजना का मॉडल प्रारूप दिखावे के लिए बनाया गया है। बाकी जगहों पर योजना का बहुत ही बुरा हाल है। गोठान में न पशु दिखाई दिये और न ही उनके लिए चारा का इंतजाम दिखा।