महासमुन्द

शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने फिर साथ बैठे पुलिस, नपा, परिवहन, ट्रक एसोसिएशन और बैंकर्स
18-Jun-2021 8:25 PM
 शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने फिर साथ बैठे  पुलिस, नपा, परिवहन, ट्रक एसोसिएशन और बैंकर्स

   खोमचे हटाने पर पालिकाध्यक्ष बोले- साल भर से कलेक्टोरेट में अटकी है फाइल    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 जून।
शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए एक बार फिर पुलिस, नगर पालिका, परिवहन विभाग, ट्रक एसोसिएशन और बैंकर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकर्स को साफ निर्देश दिया गया है कि बैंकों के बाहर ख?ी बेतरतीब वाहनों पर सप्ताहभर में कोई फैसला नहीं लिया गया तो यातायात विभाग कार्रवाई शुरू करेगी।

इस दौरान बैंकर्स को निर्देश दिए गए कि मुख्य मार्ग पर प्रबंधकों को बैंकों के सामने वाहनों की पार्किंग को व्यवस्थित करने के लिए अलग से वॉलेंटियर तैनात करें और लॉउड स्पीकर के माध्यम से बैंक आने वाले खाता धारकों को मेन रोड पर वाहन पार्किंग करने पर रोक लगाए। साथ ही बैंकों के आसपास जहां पार्किंग स्थल है,ं वहां पार्किंग जोन लिखा जाए और आने वाले ग्राहकों को पार्किंग के बारे में जागरूक करें।

गौरतलब है कि  गुरूवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एडिशनल एसपी मेघा टेंभूरकर की अध्यक्षता में नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर की मौजूदगी में बैंक प्रबंधक, ट्रक एसोसिएशन, जिला परिवहन विभाग की संयुक्त बैठक ली गई। जिसमें मुख्य मार्ग पर पार्किंग व्यवस्था और फुटपाथ से ठेला,  खोमचे आदि दुकानों का व्यवस्थापन को लेकर चर्चा की गई। बैठक में जसबीर मक्कड़, संतोष वर्मा, लक्ष्मीकांत पाणिग्रही, दिलीप कश्यप, डीएसपी खिलेश्वर यादव, प्रशिक्षु डीएसपी ताजेश्वर दीवान, यातायात प्रभारी दीपेश जायसवाल सहित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित थे।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने कहा कि मुख्य मार्ग से यातायात के दबाव को कम करने के लिए कार्ययोजना पहले ही तैयार की जा चुकी है। सडक़ के दोनों ओर संचालित ठेला खोमचे आदि 170 दुकानों के लिए स्थल चिन्हित किया जा चुका है। लेकिन फाइल कलेक्टोरेट में लंबित है। जैसे ही क्लीयरेंस मिलता है 15 दिनों में व्यवस्थापन कर दिया जाएगा। 

पालिका अध्यक्ष ने बताया कि नेहरू चौक स्थित ट्रैफिक बूथ जो पूरी तरह टूट गया है, इससे हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इस पर एएसपी ने नगर पालिका द्वारा चौक निर्माण की बात कही। जिस पर पालिका अध्यक्ष ने पालिका द्वारा ट्रैफिक बूथ के स्थान पर चौक निर्माण कराने पर सहमति जताई है।

एएसपी ने बैठक में बताया कि सभी को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए सप्ताहभर का समय दिया जा रहा है। इसके बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो सडक़ों पर खड़े वाहनों की जब्ती कर कार्रवाई की जाएगी। एएसपी ने जिला परिवहन अधिकारी मोहन साहू को बस स्टैंड में कबाड़ हो चुके बसों को हटाने के लिए संबंधित बस मालक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

 


अन्य पोस्ट