महासमुन्द

आज से नया शिक्षा सत्र शुरू, स्कूल खुलेगी या नहीं, संशय बरकरार
16-Jun-2021 5:35 PM
आज से नया शिक्षा सत्र शुरू, स्कूल खुलेगी या नहीं, संशय बरकरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जून।
आज 16 जून से नए शिक्षा सत्र की शुरुआत हो गई है, लेकिन अभी बच्चों के लिए स्कूल खोले जाएंगे या नहीं, इस संबंध में कोई आदेश नहीं आया है। हालांकि विकासखंड स्तर पर स्कूल खोलने के लिए आदेश जारी कर दिये गये हैं, लेकिन ये केवल शिक्षक व कर्मचारियों के लिए है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन का कहना है कि समस्त शालाओं के सभी शिक्षक व कर्मचारियों की उपस्थिति को अनिवार्य किया है, वहीं अनुपस्थिति होने पर संस्था प्रमुख को जानकारी भी भेजने निर्देशित किया है। 

इस तरह चालू शिक्षा सत्र 2021-22 में स्कूल खुलेगी या नहीं, इस पर भले ही संशय है। लेकिन इस बार भी बच्चों की ऑनलाइन क्लासेस शुरू हो चुकी है। कहा जा रहा है कि इस बार ऑनलाइन माध्यम में बच्चों को कुछ नया मिलेगा। क्योंकि इसके लिए नया सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। 

जानकारी के मुताबिक प्रदेश स्तर पर शिक्षा विभाग लॉकडाउन को देखते हुए स्कूली बच्चों के लिए ऑनलाइन क्लासेस जैसे विकल्पों की तैयारी में जुट गई है। बच्चों के लिए एक नया सॉफ्टवेयर बनाया जा रहा है, जिसमें सभी बच्चों को एक ग्रुप बनाकर जोड़ा जाएगा। पिछले साल भी ऐसा ही किया गया था, जिसे इस बार अपडेट किया जा रहा है। लेकिन इस बार सॉफ्टवेयर में बच्चों को किताबों की पीडीएफ  मिलेगी। इसके अलावा शिक्षकों के चेप्टर वाइज वीडियो भी इसी में होंगे।
 


अन्य पोस्ट